July 31, 2026

Bastar News Update: नारायणपुर में धर्मांतरण विवाद, कोंडागांव में रिश्वतखोर रीडर गिरफ्तार, बीजापुर-सुकमा के सीमावर्ती गांवों तक पहुंचेगी छत्तीसगढ़ की बिजली

नारायणपुर में धर्मांतरण को लेकर बढ़ा सामाजिक विवाद

नारायणपुर जिले के ओरछा क्षेत्र के खड़कागांव में धर्मांतरण को लेकर सामाजिक विवाद सामने आया है। आरोप है कि दो धर्मांतरित परिवारों का सामान घर से बाहर निकालकर उन पर गांव छोड़ने का दबाव बनाया गया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर प्रशासन ने गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। प्रशासन दोनों पक्षों से अलग-अलग और संयुक्त रूप से चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है। फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पांच साल से नाग-नागिन के नाम ‘छोड़ा’ मकान

जगदलपुर से करीब 14 किलोमीटर दूर रामपाल गांव में एक परिवार पिछले पांच वर्षों से अपने मकान में नहीं रह रहा है। परिवार का कहना है कि मकान में रहने वाले नाग-नागिन के जोड़े को वे कुलदेवता मानते हैं। उनका दावा है कि सांपों को तीन बार जंगल में छोड़ा गया, लेकिन वे हर बार वापस उसी मकान में लौट आए। इसके बाद परिवार ने आस्था के चलते मकान छोड़ दिया और नियमित रूप से नाग पूजा कर रहा है।

बस्तर में अगले 24 घंटे भारी बारिश की संभावना

बस्तर संभाग में मानसून की गतिविधियां तेज होने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों के अनुसार, नया मौसम तंत्र सक्रिय होने पर कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। फिलहाल हल्की और मध्यम बारिश से किसानों को धान रोपाई में राहत मिल रही है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

नामांतरण के बदले रिश्वत लेते रीडर गिरफ्तार

कोंडागांव जिले के फरसगांव तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि नामांतरण के बदले 70 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता से पहले दो किश्तों में 35 हजार रुपये लिए जा चुके थे। तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये लेते समय एसीबी ने कार्रवाई की। मामले में आगे की जांच जारी है।

सीमावर्ती गांवों तक अब छत्तीसगढ़ से पहुंचेगी बिजली

बीजापुर और सुकमा के सीमावर्ती गांवों में अब छत्तीसगढ़ के बिजली नेटवर्क से आपूर्ति की जाएगी। वर्षों से सुरक्षा और भौगोलिक कारणों के चलते इन गांवों को तेलंगाना से बिजली मिल रही थी। विद्युत विभाग ने नई लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि लाइन पूरी होने के बाद सभी सीमावर्ती गांव राज्य के अपने विद्युत नेटवर्क से जुड़ जाएंगे, जिससे बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु होगी।

बस और ट्रैक्टर की भिड़ंत, चार युवक घायल

जगदलपुर के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सुकुरपाल पुलिया के पास यात्री बस और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर में चार युवक घायल हो गए। हादसे में ट्रैक्टर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जांच में ओवरटेकिंग के दौरान लापरवाही की आशंका जताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।