July 31, 2026

Bastar News Update: पुरी रेल सेवा की मांग तेज, 1.07 करोड़ का गांजा जब्त, बारिश से जनजीवन प्रभावित

जगदलपुर। बस्तर संभाग में रेल सुविधा, मानसून, नशा तस्करी, खेल सुविधाओं और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर कई महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आए हैं। पुरी तक सीधी रेल सेवा की मांग एक बार फिर तेज हो गई है, वहीं पुलिस ने करोड़ों रुपये का गांजा जब्त कर अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है।

पुरी तक सीधी रेल सेवा की मांग फिर तेज

बस्तरवासियों की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर अधूरी रह गई। 6 जुलाई से शुरू हुई पुरी-कोरापुट स्पेशल ट्रेन का विस्तार जगदलपुर तक नहीं किए जाने पर लोगों में नाराजगी है। सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रथयात्रा सहित पूरे साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुरी जाते हैं, लेकिन उन्हें अब भी लंबी और असुविधाजनक यात्रा करनी पड़ती है। रेलवे से ट्रेन को जगदलपुर तक बढ़ाने की मांग दोहराई गई है।

बस्तर में झमाझम बारिश, भारी वर्षा का अलर्ट

पिछले तीन दिनों से बस्तर में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे खिले हैं और खेतों में कृषि कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। हालांकि नदी-नालों का जलस्तर अभी सामान्य है। लगातार बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना हुआ है।

1.07 करोड़ रुपये का गांजा जब्त

बस्तर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 214 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 7 लाख रुपये आंकी गई है। नगरनार पुलिस ने धनपुंजी फॉरेस्ट नाके पर नाकेबंदी के दौरान महिंद्रा पिकअप वाहन से 105 पैकेट गांजा बरामद किया। गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा फरार है।

खेल मैदान में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

दंतेवाड़ा के खेल परिसर में खिलाड़ियों को अभ्यास से पहले मैदान में फैली टूटी शराब की बोतलें और कांच साफ करना पड़ रहा है। कई खिलाड़ी घायल भी हो चुके हैं। खिलाड़ियों और अभिभावकों ने नियमित सफाई, पुलिस गश्त, हाईमास्ट लाइट और सीसीटीवी लगाने की मांग की है।

बचेली में बारिश और तेज हवाओं का असर

बचेली में लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने और टीन उड़ने की घटनाएं हुई हैं। मुख्य सब्जी बाजार में विशाल पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ। कच्चे मकानों में पानी भरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हाईवे पर आवारा मवेशियों से बढ़ा खतरा

कोंडागांव जिले के केशकाल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर आवारा मवेशियों की समस्या गंभीर बनी हुई है। सड़क पर बैठे मवेशियों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से प्रभावी कार्रवाई और कांजी हाउस की व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

2028 चुनाव की तैयारी में आम आदमी पार्टी

जगदलपुर दौरे पर पहुंचे आम आदमी पार्टी नेताओं ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर बस्तर की उपेक्षा का आरोप लगाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा है और 2028 विधानसभा चुनाव पूरी ताकत से लड़ा जाएगा। बैठक में स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया।