मारेंगा के पास पलटी स्कॉर्पियो, एक ही परिवार के 6 लोग घायल
जगदलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब किरंदुल से ओडिशा लौट रही एक स्कॉर्पियो मारेंगा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में एक ही परिवार के छह लोग सवार थे, जो शादी समारोह से लौट रहे थे।
रास्ते में पहले टायर फटने के बाद अंधेरे में टायर बदला गया, लेकिन सुबह चालक को नींद की झपकी आने से हादसा हो गया। दुर्घटना में नरेंद्र, गजेंद्र, जोगेंद्र, नवीन और जिसुधन समेत छह लोग घायल हुए। ग्रामीणों और राहगीरों ने सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बेमौसम बारिश से मक्का किसानों पर दोहरी मार
बस्तर। लगातार बदल रहे मौसम और बेमौसम बारिश ने मक्का किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कुछ समय पहले तक 2000 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा मक्का अब 1750 से 1800 रुपये तक पहुंच गया है।
बारिश के कारण फसल की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, वहीं खरीफ सीजन की तैयारी भी प्रभावित होने लगी है। किसानों ने फसल सुखाने और भंडारण में परेशानी की बात कही है। किसानों का कहना है कि मौसम की मार और गिरते दामों से लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है।
गर्मी में बिजली संकट से लोग परेशान
जगदलपुर। तेज गर्मी के बीच शहर में लगातार बिजली कटौती और ट्रांसफार्मर खराब होने की घटनाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। तापमान बढ़ते ही कई इलाकों में केबल जलने और ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकलने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
अंबेडकर वार्ड में 63 एचपी ट्रांसफार्मर बार-बार खराब होने से स्थानीय लोगों ने नया 100 एचपी ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि हर साल यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाता।
मानसून से पहले बंद होगी कोटमसर गुफा
जगदलपुर। विश्व प्रसिद्ध कोटमसर गुफा को मानसून के दौरान सुरक्षा कारणों से बंद किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून जल्दी आने की संभावना है, जिससे गुफा तय समय से पहले भी बंद हो सकती है।
बरसात में गुफा के भीतर पानी भरने और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ जाता है। वन विभाग ने बताया कि गुफा को बारिश के बाद साफ-सफाई कर 1 नवंबर से फिर पर्यटकों के लिए खोला जाएगा।
केशकाल घाटी फोरलेन बायपास निर्माण में तेजी
केशकाल। रायपुर-जगदलपुर मार्ग के बहुप्रतीक्षित केशकाल घाटी फोरलेन बायपास निर्माण को लेकर प्रशासन ने तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर लंबित कार्य जल्द पूरा करने को कहा।
करीब 308 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 11.38 किलोमीटर लंबे बायपास से घाटी क्षेत्र में जाम और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
बस्तर की कला राष्ट्रीय मंच तक पहुंची
कोंडागांव। बस्तर की पारंपरिक कला को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को भगवान गणेश की विशेष शिल्पकृति और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मां दंतेश्वरी का चित्र भेंट किया गया।
स्थानीय कलाकारों द्वारा तैयार की गई इन कलाकृतियों को बस्तर की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक माना जा रहा है। इससे स्थानीय शिल्पकारों में उत्साह बढ़ा है।
तीन महीने से वेतन नहीं, कर्मचारी संकट में
जगदलपुर। जल संसाधन विभाग के 26 कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक संकट गहरा गया है। कर्मचारियों को घर खर्च, इलाज और बैंक लोन की किश्त भरने में दिक्कत हो रही है।
कर्मचारी संगठनों ने विभागीय लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत कलेक्टर तक पहुंचने के बाद जांच शुरू की गई है।
साइबर ठगी गिरोह के 7 आरोपी गिरफ्तार
कोंडागांव। फरसगांव पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बीमा पॉलिसी बंद होने और रकम वापस दिलाने के नाम पर 17 लाख 24 हजार रुपये की ठगी की थी।
पुलिस ने दिल्ली, गाजियाबाद और उत्तरप्रदेश में कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा। गिरोह के पास से फर्जी सिम, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं।
ऑनलाइन दवा कारोबार के विरोध में मेडिकल दुकानें बंद
नारायणपुर। ऑनलाइन दवा कारोबार के विरोध में जिले की मेडिकल दुकानें 24 घंटे के लिए बंद रहेंगी। व्यापारियों का आरोप है कि कई ई-फार्मेसी कंपनियां बिना डॉक्टर पर्ची के दवाइयां बेच रही हैं।
हालांकि सरकारी अस्पताल, जनऔषधि केंद्र और धन्वंतरी मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे। प्रशासन ने आवश्यक दवा सेवाएं बनाए रखने की बात कही है।
अमित शाह को ज्ञापन देने निकले कांग्रेसियों को रोका
जगदलपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को ज्ञापन सौंपने निकले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मिताली चौक के पास रोक दिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में निकले कार्यकर्ताओं ने बाद में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नगरनार स्टील प्लांट, आदिवासी अधिकार, जल-जंगल-जमीन और बंद स्कूलों समेत कई मुद्दे उठाए गए।





