अबूझमाड़ में सुरक्षा सुधरी, विकास अब भी धीमा
दंतेवाड़ा। जिले का अबूझमाड़ क्षेत्र सुरक्षा के लिहाज से पहले से शांत हुआ है, लेकिन विकास की गति अभी भी धीमी बनी हुई है। करीब 10 हजार से अधिक आदिवासी आबादी आज भी सड़क, पुल, स्वास्थ्य और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बेहतर होने के बाद अब विकास कार्य तेज करने की मांग की है।
ट्रेड लाइसेंस नहीं लेने पर लगेगा जुर्माना
कोंडागांव। फरसगांव नगर पंचायत क्षेत्र में अब बिना ट्रेड लाइसेंस व्यापार करना मुश्किल होगा। प्रशासन ने 31 मार्च तक लाइसेंस लेने के निर्देश दिए हैं। समय सीमा के बाद 25 से 50 प्रतिशत तक आर्थिक दंड लगाया जाएगा।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती
कांकेर। यातायात पुलिस ने पिछले 28 दिनों में 102 शराबी चालकों पर कार्रवाई करते हुए 8.20 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला है। होली को देखते हुए विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।
गैस सिलेंडर महंगा होने पर कांग्रेस का प्रदर्शन
जगदलपुर। घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया और बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग की।
मलेरिया के लक्षणों में बदलाव
बस्तर। विशेषज्ञों के अनुसार अब बुखार के साथ दस्त भी मलेरिया का संकेत हो सकता है। हालांकि मलेरिया नियंत्रण अभियान के कारण जिले में मरीजों की संख्या में कमी आई है और पिछले वर्ष एक भी मौत दर्ज नहीं हुई।
अवैध लकड़ी कटाई पर कार्रवाई
कोंडागांव। फरसगांव वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने तीन लोगों को साल के पेड़ काटते हुए पकड़ा और लकड़ी जब्त कर वन अधिनियम 1927 के तहत मामला दर्ज किया।
जंगल की आग बुझाने में बच्चों ने दिखाई बहादुरी
बस्तर। मोखनगांव जंगल में लगी आग बुझाने में 8 वर्षीय मुना और 10 वर्षीय तिलक ने वन विभाग की मदद कर साहस की मिसाल पेश की। दोनों बच्चों को सम्मानित करने की घोषणा की गई है।





