July 23, 2026

Bastar News Update: जगदलपुर में आवारा मवेशियों का आतंक, शिक्षा विभाग सख्त; सुकमा में गांजा तस्कर गिरफ्तार, कोंडागांव में बिजली गिरने से किसान की मौत

जगदलपुर में आवारा मवेशियों से बढ़ा हादसों का खतरा
जगदलपुर शहर में आवारा मवेशियों की बढ़ती संख्या सड़क सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। धरमपुरा मार्ग से कुम्हरावंड तक शाम होते ही सड़कें मवेशियों से भर जाती हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। नगर निगम का मवेशी पकड़ो अभियान धीमा पड़ गया है। बजरंग दल ने स्थायी गौ अभ्यारण्य और प्रभावी व्यवस्था की मांग की है।

शिक्षा विभाग का सख्त आदेश, नहीं लौटे तो होगी कार्रवाई
संलग्नीकरण समाप्त होने के बाद मूल पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले कर्मचारियों पर शिक्षा विभाग सख्त हो गया है। समय पर जॉइनिंग नहीं करने वालों के खिलाफ ‘ब्रेक इन सर्विस’ की कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा जाएगा, जिससे वेतन, पदोन्नति और अन्य सेवा लाभ प्रभावित हो सकते हैं।

बस्तर में हत्या के मामलों में आई कमी
बस्तर संभाग में हत्या के मामलों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। बीजापुर, सुकमा, कांकेर और नारायणपुर में पिछले वर्ष की तुलना में हत्या के मामलों में कमी आई है। प्रशासन इसे बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों का सकारात्मक असर बता रहा है।

नारायणपुर में नियमित सब-रजिस्ट्रार की मांग तेज
जिला बनने के वर्षों बाद भी नारायणपुर में स्थायी सब-रजिस्ट्रार की नियुक्ति नहीं होने से भूमि पंजीयन सहित कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जनप्रतिनिधियों ने सरकार से जल्द नियमित अधिकारी नियुक्त करने की मांग की है।

सुकमा में 10.7 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
‘आगाज’ अभियान के तहत सुकमा पुलिस ने कोंटा क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 10.700 किलोग्राम गांजा और बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी जब्त की। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 6.73 लाख रुपये बताई गई है।

कोंडागांव में आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत
बानगांव में धान की बुआई के दौरान खेत में काम कर रहे किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र बाल-बाल बच गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

अधूरी सड़क पर ग्रामीणों का चक्का जाम
कोर्रा-मारोकी सड़क निर्माण पूरा नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने बस्तरिया राज मोर्चा के नेतृत्व में चक्का जाम किया। प्रशासन ने 15 दिनों के भीतर मरम्मत कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ।

सुकमा के ग्रामीण राशन के लिए पहुंचे कलेक्टर कार्यालय
नीलावाया गांव के ग्रामीण छह-सात महीने से राशन नहीं मिलने की शिकायत लेकर करीब 120 किलोमीटर का सफर तय कर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने नियमित राशन वितरण शुरू करने की मांग की है, जबकि खाद्य विभाग ने जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिया है।