March 4, 2026

Bastar News Update: पीडीएस चावल संकट से लेकर मुख्यमंत्री की नाराजगी तक, बस्तर की बड़ी खबरें

बस्तर जिले में पीडीएस चावल का संकट गहराता जा रहा है। 485 राशन दुकानों में से सिर्फ 150 दुकानों तक ही चावल पहुंच पाया है। बाकी दुकानों में ताले लटके हैं और हितग्राही खाली हाथ लौट रहे हैं। हर माह करीब 7 लाख 90 हजार से ज्यादा लोगों को राशन मिलता है, लेकिन ई-केवाईसी पूरी होने के बावजूद अनाज नहीं मिल पा रहा। नागरिक आपूर्ति निगम के गोदाम क्रमांक-3 में बीपीएल चावल पूरी तरह खत्म हो चुका है। जिले में 2.97 लाख क्विंटल धान खरीदी के बावजूद कस्टम मिलिंग की धीमी रफ्तार और फोर्टिफाइड राइस टेंडर में देरी से हालात बिगड़े हैं।

कांकेर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बस्तर दौरा सख्त संदेश दे गया। हेलीकॉप्टर खराब होने पर वे रायपुर से सड़क मार्ग से जगदलपुर पहुंचे। केशकाल घाट की जर्जर सड़क देखकर मुख्यमंत्री नाराज हो गए। जगदलपुर पहुंचते ही उन्होंने राजमार्ग अधिकारियों की क्लास ली। घाट मार्ग सुधार और बाईपास में देरी पर जवाब मांगा। अधिकारियों ने बताया कि फाइल दिल्ली में अटकी है। मुख्यमंत्री ने त्वरित सुधार और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

कांकेर के केशकाल थाना क्षेत्र में जमीन विवाद हिंसा में बदल गया। ग्राम गारका में दो सगे भाइयों ने मिलकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया। एक आरोपी ने पैर पकड़े, दूसरे ने लोहे के सब्बल से सिर पर वार किया। गंभीर हालत में घायल को रायपुर रेफर किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों 60 वर्षीय सुन्दर लाल और 58 वर्षीय किशुन को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

कोंडागांव में औषधीय खेती किसानों के लिए नई उम्मीद बन रही है। कोंडागांव, माकड़ी और मर्दापाल ब्लॉक के 16 गांवों के किसान कार्यशाला में शामिल हुए। काली मिर्च, हल्दी, सफेद मूसली, अश्वगंधा और कपिकच्छु की खेती पर मार्गदर्शन दिया गया। किसानों को बीज निःशुल्क दिए गए। महिला किसान राजकुमारी मरकाम को 54 किलो काली मिर्च उत्पादन के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने आत्मनिर्भर खेती की दिशा दिखाई।

बचेली में करोड़ों की लागत से बना गौरव पथ अब हादसों का रास्ता बन गया है। करीब दो किलोमीटर सड़क पर 16–17 करोड़ खर्च हुए थे, लेकिन दो साल में ही सड़क उखड़ गई। जगह-जगह गड्ढे हैं, वाहन फंस रहे हैं और लोग घायल हो रहे हैं। हालिया पैचवर्क भी फेल रहा। शहरवासियों में भारी नाराजगी है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग हो रही है।

दंतेवाड़ा में 10 फरवरी को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 191 जोड़ों का सामूहिक विवाह होगा। आठ परियोजनाओं से आवेदन आए हैं। गीदम से सबसे ज्यादा 31 जोड़े शामिल होंगे। खास बात यह है कि एक आत्मसमर्पित नक्सली जोड़ा भी विवाह करेगा। आयोजन पारंपरिक रीति-रिवाजों से संपन्न होगा।

कोंडागांव के बड़ेराजपुर ब्लॉक में 14 फरवरी को हरवेल फूल बाजार मेला होगा। आसपास के नौ गांवों के देवी-देवताओं को आमंत्रित किया गया है। रात्रिकालीन लोककला प्रस्तुति मुख्य आकर्षण होगी। आयोजन को शांतिपूर्ण कराने के लिए समिति और युवा संगठन जुटे हैं।

दंतेवाड़ा में वन विभाग ने अवैध लकड़ी पर बड़ी कार्रवाई की है। गीदम वन परिक्षेत्र के ग्राम हीरानार से 65 नग बीजा और 35 नग साल लकड़ी जब्त की गई। कुल 1.600 घन मीटर काष्ठ बरामद हुआ है। वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया है।

जगदलपुर में उपभोक्ता आयोग ने गृह निर्माण मंडल को 11 लाख 52 हजार रुपये ब्याज सहित लौटाने के आदेश दिए हैं। साथ ही मानसिक क्षति और सेवा में कमी के लिए अलग-अलग 20-20 हजार रुपये देने होंगे। आयोग ने सेवा में कमी मानी है।

बस्तर में 10 फरवरी को भूमकाल स्मृति दिवस मनाया जाएगा। हजारों मूलनिवासी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी और मुख्य सभा धरमपुरा पीजी कॉलेज मैदान में होगी। वीर गुण्डाधुर सहित शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।