रायपुर, 09 फरवरी 2026
संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम 2026 के समापन समारोह में स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और ताली बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
बच्चों की प्रस्तुति ने जीता दिल

जगदलपुर के हजारों स्कूली बच्चों ने “ऐसा जादू है मेरे बस्तर में” गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी। बच्चों की अनुशासित और भावपूर्ण प्रस्तुति देखकर केंद्रीय गृह मंत्री भी भावविभोर हो उठे।

मलखंभ प्रदर्शन और उत्साहवर्धन
कार्यक्रम में बालिकाओं द्वारा मलखंभ प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। श्री अमित शाह ने बच्चों की कला, अनुशासन और आत्मविश्वास की प्रशंसा करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने भी बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
गीत “ऐसा जादू है मेरे बस्तर में”
यह गीत हिंदी और हल्बी बोली में रचा गया है। बस्तर की बादल अकादमी के कलाकारों ने अपनी आवाज और संगीत का योगदान दिया। दायरा बैंड ने इस गीत को आधुनिक संगीत के साथ नया स्वरूप प्रदान किया, जिससे यह बच्चों और युवाओं के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय हो रहा है।
बस्तर पंडुम ने न केवल आदिवासी संस्कृति को संजोया बल्कि युवा प्रतिभाओं और बच्चों को भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी कला दिखाने का अवसर प्रदान किया।





