March 4, 2026

रायपुर : संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम 2026 का भव्य समापन

सुकमा के जनजातीय नाट्य ने बिखेरा जलवा, मुड़िया जनजाति पर आधारित प्रस्तुति को मिला प्रथम पुरस्कार

रायपुर | 09 फरवरी 2026

बस्तर संभाग की गौरवशाली संस्कृति, कला और परंपराओं के संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित ‘बस्तर पंडुम 2026’ का भव्य समापन जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान में सम्पन्न हुआ। संभाग स्तरीय इस आयोजन में सुकमा जिले के जनजातीय नाट्य दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया।

देश के गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने विजेता कलाकारों को स्मृति चिन्ह एवं 50 हजार रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया।

संस्कृति संरक्षण की अनूठी पहल

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित बस्तर पंडुम का उद्देश्य बस्तर की पारंपरिक कला, नृत्य, गीत, खानपान, शिल्प एवं आंचलिक साहित्य को संरक्षित करना तथा स्थानीय कलाकारों को बड़ा मंच देना है। इस पहल से विलुप्त होती जनजातीय विधाओं को नई पहचान मिल रही है।

सुकमा के कलाकारों ने जीती प्रतियोगिता

कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के कुशल प्रबंधन में सुकमा जिले से 12 विधाओं के 69 कलाकारों ने भाग लिया।

नाट्य विधा में कोंटा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोंडासांवली अंतर्गत पारला गट्टा गांव की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

मुड़िया जनजाति की जीवंत प्रस्तुति

मुड़िया जनजाति के 13 सदस्यीय दल (9 पुरुष एवं 4 महिलाएं) ने ताड़ पत्ता, मयूर पंख, तीर-धनुष और मछली पकड़ने के जाल जैसे दैनिक उपयोग की वस्तुओं के माध्यम से जनजीवन का सजीव चित्रण किया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

जिले का बढ़ाया मान

पारला गट्टा निवासी कलाकार लेकम लक्का, प्रकाश सोड़ी, विनोद सोड़ी, जोगा सुदाम सहित पूरी टीम ने सुकमा जिले का गौरव बढ़ाया। इस सफलता में नोडल अधिकारी श्री मनीराम मरकाम एवं श्री पी. श्रीनिवास राव का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने कलाकारों को मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्रदान किया।