May 15, 2026

बस्तर में बारिश से मौसम सुहाना, तापमान 32 से गिरकर 20 डिग्री; किसानों की बढ़ी चिंता

जगदलपुर। बस्तर संभाग में पिछले तीन दिनों से लगातार शाम के समय हो रही बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है। तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से गिरकर लगभग 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

हालांकि इस बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बारिश के कारण टमाटर और मक्के की फसल के खराब होने का खतरा बढ़ गया है। वहीं धान संग्रहण केंद्रों में रखी फसल भी नमी के कारण खराब होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हो सकता है।

मौसम विभाग ने बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों में अगले 3 घंटे तक बारिश की संभावना जताई है।

विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के मध्य इलाकों में तापमान में हल्की गिरावट देखी जा सकती है, लेकिन इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने की संभावना है। साथ ही आगामी 4 दिनों तक प्रदेश में ग्रीष्म लहर चलने की आशंका भी जताई गई है।

मंगलवार को प्रदेश में बिलासपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

रायपुर में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री, जगदलपुर में 37.8 डिग्री, दुर्ग में 41.8 डिग्री और राजनांदगांव में 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में सबसे कम रहा।