May 15, 2026

Bastar News Update : बस्तर में ‘RED कॉल सेंटर’ की शुरुआत, मातृ-शिशु सुरक्षा को मिलेगा नया सहारा

जगदलपुर। बस्तर जिले में सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन और यूनिसेफ़ ने एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील पहल की शुरुआत की है। सुरक्षित मातृत्व दिवस के अवसर पर कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में महारानी अस्पताल में ‘RED (Reaching Every Delivery) कॉल सेंटर’ का शुभारंभ किया गया। इस पहल की खास बात यह रही कि उद्घाटन एक नवजात शिशु की माता के हाथों कराया गया, जो मातृ सशक्तिकरण का प्रतीक बना।

इस नई व्यवस्था के तहत “हरिक मांय, हरिक पिला” (खुश मां, खुश बच्चा) अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य जिले की हर गर्भवती महिला तक पहुंच बनाना है, खासकर उन महिलाओं तक जो गर्भावस्था के अंतिम चरण (7 से 9 माह) में हैं और उच्च जोखिम श्रेणी में आती हैं। कॉल सेंटर के माध्यम से इन महिलाओं से नियमित संपर्क कर उन्हें संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित किया जाएगा और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों से जोड़ा जाएगा।

प्रशासन की यह पहल केवल प्रसव तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रसव के बाद भी 30 दिनों तक मां और नवजात की स्वास्थ्य निगरानी की जाएगी। कॉल सेंटर के जरिए लगातार फॉलो-अप लेकर किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य जटिलता का समय रहते समाधान किया जाएगा।

अस्पताल की छत से कूदकर युवक ने दी जान

कांकेर। जिला अस्पताल में एक युवक ने छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवक ने पहले जहर सेवन किया था, लेकिन बचने के बाद उसने अस्पताल की छत से छलांग लगा दी। गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। अस्पताल में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

जंगल की आग से किसान का घर जला

नारायणपुर। ग्राम जाटलुर में जंगल की आग ने एक किसान का घर पूरी तरह जलाकर खाक कर दिया। किसान कुंद्रा राम गोटा के घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और करीब 55 हजार रुपये नगद जलकर नष्ट हो गए। पीड़ित किसान ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

17 अप्रैल को प्लेसमेंट कैंप

कोंडागांव। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा 17 अप्रैल को प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसमें निजी कंपनियों के माध्यम से 146 पदों पर भर्ती की जाएगी। अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।

सड़क हादसे में असिस्टेंट रेंजर की मौत

कोंटा (सुकमा)। तेज रफ्तार बाइक की खड़ी हाइवा से टक्कर में वन विभाग के असिस्टेंट रेंजर शिव कुमार बडघी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा ढोण्डरा गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि हाइवा खराब होकर सड़क किनारे खड़ी थी, लेकिन वहां कोई चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे।


बस्तर में जहां एक ओर मातृ-शिशु सुरक्षा के लिए नई तकनीकी पहल शुरू हुई है, वहीं दूसरी ओर आत्महत्या, आगजनी और सड़क हादसों जैसी घटनाएं प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई हैं।