1. बस्तर में स्वास्थ्य सेवाओं की नई उड़ान, 100 दिनों में 5 हजार मरीजों का इलाज
जगदलपुर। डिमरापाल स्थित कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ने अपने संचालन के 100 दिन पूरे कर लिए हैं। इस अवधि में 5 हजार से अधिक मरीजों ने ओपीडी सेवाओं का लाभ लिया, जबकि 250 से ज्यादा जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गईं। अस्पताल में बस्तर की पहली अत्याधुनिक कैथ लैब शुरू होने से अब एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी और पेसमेकर जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा 180 से अधिक सफल डायलिसिस और 30 हजार से ज्यादा पैथोलॉजी जांचें की जा चुकी हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत सैकड़ों मरीजों का नि:शुल्क इलाज भी किया गया है।
2. 15 जुलाई के बाद बंद हो सकता है राशन, 83 हजार हितग्राहियों की ई-केवाईसी बाकी
जगदलपुर। बस्तर जिले में 83 हजार से अधिक राशन कार्ड हितग्राहियों की ई-केवाईसी अब भी लंबित है। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि 15 जुलाई के बाद दूसरा मौका नहीं दिया जाएगा। समय पर ई-केवाईसी नहीं कराने वाले हितग्राहियों का राशन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावित हो सकता है। प्रक्रिया पूरी कराने के लिए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
3. बारिश ने खोली संजय बाजार की बदहाली
जगदलपुर। मानसून शुरू होते ही शहर का सबसे बड़ा थोक व्यापारिक केंद्र संजय बाजार की बदहाल व्यवस्था सामने आ गई है। बाजार के कई हिस्सों में कंक्रीट सड़क नहीं होने से कीचड़ और जलभराव की समस्या बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों से पक्की सड़क और बेहतर ड्रेनेज की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
4. चर्च में पास्टर नियुक्ति को लेकर विवाद
जगदलपुर। डैनियल मेमोरियल मेथोडिस्ट चर्च में नए पास्टर की नियुक्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। शुक्रवार को चर्च परिसर में दो पक्ष आमने-सामने नजर आए। एक पक्ष नियुक्ति का विरोध कर रहा है, जबकि दूसरा पक्ष इसे संस्था का वैध निर्णय बता रहा है। विवाद के बाद चर्च समाज में मतभेद की स्थिति बनी हुई है।
5. मानसून में आपदा से निपटने प्रशासन अलर्ट
सुकमा। संभावित बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए सुकमा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। जिला, अनुविभाग और तहसील स्तर पर नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। 24 घंटे सक्रिय नियंत्रण कक्ष भी शुरू कर दिया गया है और राहत-बचाव दलों को हर समय तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
6. बीजापुर में NDRF देगा आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण
बीजापुर। जिले में 20 जुलाई से 1 अगस्त तक राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को बाढ़, अतिवृष्टि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
7. अनुशासनहीनता पर जनपद पंचायत कर्मचारी निलंबित
सुकमा। जनपद पंचायत के सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी को अनुशासनहीनता और अनियमितताओं के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जांच में स्थानांतरण आदेश का पालन नहीं करने और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े आरोप सामने आने के बाद प्रशासन ने विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
8. राशन दुकान में महिला विक्रेता से मारपीट, कार्रवाई की मांग
जगदलपुर। बकावंड क्षेत्र की एक राशन दुकान में महिला विक्रेता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। अंत्योदय कार्ड पर शक्कर उपलब्ध नहीं होने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर राशन विक्रेता कल्याण संघ ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
9. मीडिया का नाम लेकर उगाही करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
कोण्डागांव। मीडिया का नाम लेकर एक बीज व्यवसायी से कथित उगाही करने वाले दो आरोपियों को कोण्डागांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त किया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सम्मानित पेशे की आड़ लेकर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





