जगदलपुर। बस्तर जिले के भानपुरी क्षेत्र से चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। आमतौर पर चोर नकदी, जेवर या अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ करते हैं, लेकिन इस बार एक अज्ञात चोर ने 25 लीटर पेट्रोल से भरा जर्किन, सिगरेट और ड्राई फ्रूट्स चोरी कर लिए। हैरानी की बात यह है कि वारदात पुलिस थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात की है। रात करीब 1:52 बजे एक युवक भानपुरी स्थित तीन ठेला नुमा दुकानों के पास पहुंचा। आरोपी ने दुकानों के ताले तोड़े और करीब 20 मिनट तक वहां रखे सामान को खंगालता रहा।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार रात करीब 2:12 बजे आरोपी 25 लीटर पेट्रोल से भरा जर्किन, सिगरेट और ड्राई फ्रूट्स लेकर मौके से फरार हो गया। फुटेज में आरोपी बेहद आराम से वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक चोरी केवल एक दुकान में हुई है, जबकि अन्य दुकानों के सिर्फ ताले तोड़े गए हैं। घटना के बाद दुकान संचालक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल चोरी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन 25 लीटर पेट्रोल की चोरी को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।




