September 4, 2026

नारायणपुर से ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ का आगाज, विजय शर्मा और केदार कश्यप ने बाइक पर थामा तिरंगा

नारायणपुर। बस्तर में शांति, एकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर बुधवार को नारायणपुर के हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड से ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ का शुभारंभ हुआ। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप बाइक पर तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व करते हुए रवाना हुए। क्षेत्र के विभिन्न समाज प्रमुखों ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यात्रा में शामिल बच्चों से मंत्री द्वय ने मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और बस्तर में शांति एवं विकास का संदेश दिया।

‘दुनिया को संदेश देंगे कि बस्तर से नक्सलवाद खत्म हो चुका’

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा उन इलाकों से होकर गुजरेगी, जहां कभी नक्सली घटनाओं का प्रभाव रहा है। यात्रा के जरिए देश और दुनिया को यह संदेश दिया जाएगा कि इन क्षेत्रों में अब नक्सलवाद समाप्त हो चुका है।

उन्होंने कहा कि नारायणपुर का चयन विशेष उद्देश्य से किया गया है, क्योंकि यह जिला लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहा है। यात्रा का समापन 14 अगस्त को बीजापुर की कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर तिरंगा फहराकर किया जाएगा।

‘अब हर घर में तिरंगा फहर रहा है’

गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जनवरी 2024 से बस्तर के कई दुर्गम गांवों में राष्ट्रीय पर्वों पर लगातार ध्वजारोहण किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस स्वतंत्रता दिवस पर बस्तर संभाग के 90 से अधिक ऐसे गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा, जहां आजादी के बाद अब तक राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया था।

उन्होंने कहा कि पहले राष्ट्रीय पर्वों पर माओवादियों के फरमान के कारण लोगों को काले झंडे लगाने पड़ते थे, लेकिन आज बस्तर के घर-घर में तिरंगा लहरा रहा है। उन्होंने कहा कि अब बस्तर के लोग दुनिया में अपनी पहचान बनाएंगे और नया इतिहास लिखेंगे।

विकास कार्यों में गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई

विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में अब लोगों को मूलभूत सुविधाएं, विकास कार्य और सुरक्षा का वातावरण मिल रहा है। सरकार सड़क, शिक्षा, कौशल विकास, लघु वनोपज प्रसंस्करण और रोजगार के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्यों में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

‘नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास की ओर बढ़ रहा बस्तर’

वन मंत्री एवं नारायणपुर विधायक केदार कश्यप ने कहा कि जिन क्षेत्रों को कभी नक्सल गतिविधियों का केंद्र माना जाता था, आज वहीं से तिरंगा यात्रा निकल रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान उन स्थानों की मिट्टी एकत्रित की जाएगी, जहां जवानों और नागरिकों ने शहादत दी है। इस मिट्टी का उपयोग भविष्य में बनने वाले स्मारक में किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

नारायणपुर से दंतेवाड़ा पहुंची यात्रा

यात्रा के पहले दिन नारायणपुर से शुरू होकर मुंजमेटा, झारागांव, धौड़ाई, कन्हारगांव, कड़ेनार, बोदली, सातधार और बारसूर होते हुए दंतेवाड़ा पहुंची।

दूसरे दिन यात्रा दंतेवाड़ा से सुकमा और बीजापुर के विभिन्न नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। तीसरे दिन बीजापुर से आवापल्ली, उसूर, गलगम, नंबी और ताड़पाला होते हुए कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर यात्रा का समापन होगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ बस्तर संभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, युवा और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।