रायपुर/जगदलपुर/बीजापुर/कोंडागांव, प्रतिनिधि।
छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा आज जगदलपुर दौरे पर रहेंगे। उनकी मौजूदगी में कुख्यात नक्सली पापा राव सरेंडर करेगा, जिसे नक्सल उन्मूलन अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है। राज्य सरकार की सरेंडर और पुनर्वास नीति के सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं।
इधर, लंबे समय से बंद जगदलपुर-रायपुर सेक्टर पर विमान सेवा फिर शुरू होने जा रही है। 31 मार्च से हैदराबाद-जगदलपुर-रायपुर सेक्टर पर एलायंस एयर की फ्लाइट शुरू होगी। इससे क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, हालांकि जगदलपुर-जबलपुर-दिल्ली फ्लाइट को बंद कर दिया गया है।
आस्था के क्षेत्र में भी एक ऐतिहासिक पहल देखने को मिलेगी। करीब 300 वर्षों बाद पाकिस्तान के बलूचिस्तान स्थित हिंगलाज माता के शक्तिपीठ से पवित्र जल बस्तर के बेड़ागांव स्थित मंदिर में पहुंचेगा। संत युधिष्ठिर लाल महाराज इस पवित्र जल को लेकर आएंगे।
शिक्षा क्षेत्र में बीजापुर के केन्द्रीय विद्यालय में कक्षा पहली से पांचवीं तक प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभिभावक 2 अप्रैल तक पंजीयन करा सकते हैं।
वहीं कोंडागांव जिले में बेमौसम ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। मक्का, धान और चने की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसान आर्थिक संकट में हैं। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सुकमा जिले में 28 और 29 मार्च को मेगा सुपर स्पेशियलिटी हेल्थ कैंप आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ मुफ्त जांच और इलाज करेंगे।
इधर शिक्षा विभाग ने बस्तर संभाग के 908 शिक्षकों की पदोन्नति का आदेश जारी किया है। पदोन्नति के बाद शिक्षकों की पोस्टिंग काउंसलिंग के माध्यम से की जाएगी।
वहीं कोंडागांव में जेसीबी मालिकों ने संगठन को मजबूत करने और कार्य के लिए एक समान दरें तय करने का निर्णय लिया है। जिला स्तर पर बड़ी बैठक की तैयारी भी की जा रही है।





