September 4, 2026

Bastar University Recruitment: शैक्षणिक भर्ती पर फिर विवाद, संतोष बाफना ने उठाए सवाल; कांग्रेस ने भी मांगी जांच

जगदलपुर। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय (बस्तर विश्वविद्यालय) में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया एक बार फिर विवादों में घिर गई है। जगदलपुर के पूर्व विधायक और भाजपा नेता संतोष बाफना ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरतने और स्थानीय अभ्यर्थियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।

स्थानीय अभ्यर्थियों की अनदेखी का आरोप

संतोष बाफना का आरोप है कि विश्वविद्यालय की भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय अभ्यर्थियों की बजाय दूसरे राज्यों के आवेदकों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले 59 और बाद में 162 शैक्षणिक पदों पर भर्ती की गई, लेकिन इस प्रक्रिया में यूजीसी के नियमों का पालन नहीं किया गया।

दावा-आपत्ति की सूची पर भी सवाल

भाजपा नेता ने दावा-आपत्ति के लिए जारी सूची को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सूची में अभ्यर्थियों के नाम और पूरी जानकारी सार्वजनिक करने के बजाय केवल आवेदन नंबर जारी किए गए हैं। इससे भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं।

कांग्रेस ने भी जांच की मांग की

भाजपा नेता के आरोपों के बीच कांग्रेस ने भी भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मामले की जांच के लिए जांच समिति गठित करने की मांग की है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाने की बात कही है।

भर्ती प्रक्रिया को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों के सवाल उठाने के बाद अब विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार के जवाब का इंतजार है। भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और नियमों के पालन को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।