May 14, 2026

तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों पर भालुओं का हमला, 2 गंभीर

गरियाबंद। जिले में तेंदूपत्ता तोड़ाई के दौरान जंगली जानवरों का खतरा बढ़ता जा रहा है। सड़क पारसोली वन परिक्षेत्र के हरदी गांव में 6 भालुओं के झुंड ने जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए ग्रामीणों पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के दौरान भालुओं ने ग्रामीणों को दौड़ा-दौड़ाकर हमला किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए ग्रामीण इधर-उधर भागने लगे। किसी तरह घायलों ने बचकर परिजनों को सूचना दी।

घायलों को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।