May 14, 2026

तुस्मा गांव में भटका जंगली भालू, ग्रामीणों में दहशत… कुत्तों ने दौड़ाया, वन विभाग अलर्ट

जांजगीर-चांपा। प्रदेश में भीषण गर्मी के चलते अब वन्यजीव भी रिहायशी इलाकों की ओर रुख करने लगे हैं। पामगढ़ क्षेत्र के तुस्मा गांव में मंगलवार को एक जंगली भालू के पहुंचने से हड़कंप मच गया। भालू के गांव में घूमने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गांव के कुत्ते उसे दौड़ाते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि भालू भोजन और पानी की तलाश में बलौदा बाजार क्षेत्र के जंगलों से भटककर गांव तक पहुंच गया। इससे पहले सोमवार शाम को तनौद इलाके में भी भालू देखे जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिली।

गांव में मची अफरा-तफरी, मुनादी कर लोगों को किया गया सतर्क
भालू के गांव में घुसने की खबर मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कई लोग अपने घरों में दुबक गए, जबकि कुछ लोग दूर से ही भालू को देखने जुट गए। स्थिति को देखते हुए सरपंचों द्वारा आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

वन विभाग अलर्ट, रेस्क्यू की कोशिश जारी
चांपा वन परिमंडल के एसडीओ एच. शर्मा ने बताया कि पिछले 4-5 दिनों से पामगढ़ और शिवरीनारायण क्षेत्र में भालू की मूवमेंट देखी जा रही है। वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और भालू को सुरक्षित उसके मूल जंगल में वापस भेजने का प्रयास किया जा रहा है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे भालू के करीब न जाएं और किसी भी स्थिति में उसे छेड़ने या भगाने की कोशिश न करें।