July 23, 2026

जंगल में मधुमक्खियों का हमला: सास की मौत, दामाद घायल; सराई बिनने गए थे दोनों

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जंगल में मधुमक्खियों के झुंड के हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका दामाद घायल हो गया। घटना दुगली थाना क्षेत्र के पालगांव की है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार पालगांव निवासी रामवती नेताम अपने दामाद के साथ मंगलवार सुबह जंगल में सराई बिनने गई थीं। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने दोनों पर हमला कर दिया। हमले के बाद दोनों जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन बुजुर्ग महिला मधुमक्खियों के हमले से खुद को नहीं बचा सकीं।

मधुमक्खियों के डंक से गंभीर रूप से घायल रामवती नेताम को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं हमले में घायल दामाद का भी इलाज कराया गया, जिसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई। पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने जंगल क्षेत्रों में मधुमक्खियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।