बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थान खम्हरिया थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय लहरे को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, शिकायत के आधार पर ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से थान खम्हरिया थाना में दबिश दी और आरोपी प्रधान आरक्षक को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया।
पूछताछ जारी, विभाग में मचा हड़कंप
गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है। बताया जा रहा है कि बेमेतरा पुलिस विभाग में ACB की यह पहली बड़ी कार्रवाई है, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है।
जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि इस रिश्वतखोरी के मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है या नहीं।
साजा विधानसभा क्षेत्र में ACB की दूसरी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि साजा विधानसभा क्षेत्र में ACB की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले इसी क्षेत्र में एक पटवारी को भी रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।





