July 23, 2026

बेमेतरा ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा: महिला की हत्या के बाद शव से दुष्कर्म, टुकड़े कर नदी में फेंका; आरोपी गिरफ्तार

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना चंदनू और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले में गांव के ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने महिला की हत्या की, फिर शव के साथ दुष्कर्म किया और पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर शिवनाथ नदी में फेंक दिया।

दो गठरियों में मिला था महिला का शव

मामला थाना चंदनू क्षेत्र के सोनपुरी गांव का है। 7 जुलाई से लापता महिला दुकलिहिन बाई का शव 9 जुलाई को ग्राम तुमा के पास शिवनाथ नदी में दो अलग-अलग गठरियों में बरामद हुआ था। शव की स्थिति देखकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर फोरेंसिक विशेषज्ञों, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की। आरोपी की तलाश के लिए ड्रोन, नाव और सर्च लाइट का भी इस्तेमाल किया गया।

विरोध करने पर की हत्या

लगातार पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस ने गांव के ही रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी। विरोध करने पर उसने फावड़े से हमला कर महिला की हत्या कर दी।

शव के टुकड़े कर नदी में फेंका

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद सबूत मिटाने की नीयत से शव के हाथ-पैर काटकर दो गठरियों में बांधा और उन्हें शिवनाथ नदी में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल फावड़ा, आरी और अन्य अहम साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं।

पहले भी हत्या के मामले में जा चुका है जेल

पुलिस ने बताया कि आरोपी वर्ष 2017 में भी एक महिला की हत्या के मामले में सजा काट चुका है। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा थाना चंदनू, साइबर सेल और फोरेंसिक टीम की संयुक्त जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संभव हो सका।