बेमेतरा। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय (दुर्ग विश्वविद्यालय) से संबद्ध जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के छात्रों ने परीक्षा परिणामों में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया, जो करीब तीन घंटे से जारी है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचकर छात्रों को समझाइश देने में जुटे हैं।
छात्रों का आरोप है कि कई मामलों में परीक्षा देने के बावजूद उन्हें अनुपस्थित दिखाया गया है, कुछ को अनावश्यक रूप से ATKT दी गई है, जबकि कई छात्रों के परिणाम अब तक जारी नहीं किए गए हैं। इसके अलावा अंकों में त्रुटि और बिना उचित जांच के UFM (Unfair Means) की कार्रवाई को लेकर भी छात्रों में नाराजगी है। प्रदर्शनकारी छात्र अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले आंदोलन कर रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि वे अधिकतर किसान और मजदूर परिवारों से आते हैं और शिक्षा के लिए कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई कर रहे हैं। ऐसे में परीक्षा परिणामों में तकनीकी या प्रशासनिक त्रुटियों का सीधा असर उनके भविष्य पर पड़ रहा है।
छात्रों ने अपनी प्रमुख मांगों में ATKT मामलों की दोबारा जांच, अनुपस्थित दिखाए गए छात्रों के मामलों का तत्काल समाधान, लंबित परिणामों की शीघ्र घोषणा, UFM मामलों की निष्पक्ष समीक्षा और गलत कार्रवाई को निरस्त करने की मांग शामिल की है। साथ ही उन्होंने अंकपत्रों में सुधार, अतिरिक्त शुल्क न लेने और समस्याओं के समयबद्ध समाधान की भी मांग रखी है।
प्रदर्शन के चलते नेशनल हाईवे-30 पर यातायात प्रभावित हुआ है, जबकि प्रशासनिक अधिकारी स्थिति को सामान्य करने और छात्रों से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं।





