July 31, 2026

धमतरी में एनीकट में बहा मछुआरा, दो दिन बाद मिला शव

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सिहावा थाना क्षेत्र के सेमरा एनीकट में मछली पकड़ने गए एक मछुआरे की तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय रेस्क्यू टीम ने दो दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद शव बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार, घोटगांव निवासी धनंजय तेता मछली पकड़ने के लिए सेमरा एनीकट पहुंचे थे। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण एनीकट का जलस्तर अचानक बढ़ गया और रपटे पर पानी का तेज बहाव शुरू हो गया। देखते ही देखते धनंजय बहाव की चपेट में आ गए और पानी में बह गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू किया। तेज बहाव और लगातार बारिश के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम ने लगातार दो दिनों तक सर्च ऑपरेशन जारी रखा।

लगातार प्रयास के बाद गुरुवार को रेस्क्यू टीम ने एनीकट से कुछ दूरी पर धनंजय तेता का शव बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से अपील की है कि नदी-नालों, एनीकट और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचें तथा तेज बहाव के दौरान अनावश्यक आवाजाही न करें।