July 23, 2026

बेमेतरा अव्यवस्था पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

रायपुर। बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में हुई अव्यवस्था को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की नाराजगी के बाद मामला राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं पर सवाल उठाने वाला उनका वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में प्रशासनिक अव्यवस्था बढ़ रही है और सुशासन के दावे कमजोर पड़ते नजर आ रहे हैं।

भूपेश बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में डॉ. रमन सिंह का इस तरह सार्वजनिक रूप से नाराज होना गंभीर संकेत देता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह स्थिति सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी सरकार को घेरते हुए कहा कि जब विधानसभा अध्यक्ष खुद मंच से व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हैं, तो यह प्रशासनिक नियंत्रण की स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार “भगवान भरोसे” चल रही है।

बैज ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश में सुशासन तिहार मना रहे हैं, लेकिन पहले उन्हें अपनी प्रशासनिक व्यवस्था को सुधारने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक संतुलन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

इस बीच कांग्रेस नेताओं ने सीतापुर में नायब तहसीलदार से कथित मारपीट के मामले और राजस्व अधिकारियों की हड़ताल का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गंभीर मामलों में कार्रवाई करने के बजाय निष्क्रिय नजर आ रही है।

वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी टकराव और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।