बेमेतरा में किसान कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री के नाम 9 सूत्रीय मांगपत्र कलेक्टर को सौंपा।
बेमेतरा जिला किसान कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। किसानों की समस्याओं को लेकर किए गए इस घेराव में किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे, पूर्व विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशीष छाबड़ा, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष मंगत साहू सहित महिला कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस द्वारा सौंपे गए 9 सूत्रीय मांगपत्र में प्रति एकड़ खाद कटौती के नियम को समाप्त करने, सभी किसानों को एकमुश्त खाद वितरण सुनिश्चित करने, डीजल की सुलभ उपलब्धता, कृषि बिजली दरों में राहत, खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण सीमा बढ़ाने, धान का एकमुश्त भुगतान करने तथा लंबित अनुदान राशि जारी करने जैसी मांगें शामिल हैं।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन शुरू होने से पहले किसान खाद, डीजल और अन्य कृषि संसाधनों की उपलब्धता को लेकर परेशान हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर किसान कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।





