September 4, 2026

बेमेतरा की लोहिया पेपर मिल में हादसा, गड्ढे में गिरने से मजदूर की मौत; 50 लाख मुआवजे की मांग पर प्रदर्शन

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के बेरला क्षेत्र स्थित लोहिया पेपर मिल में गुरुवार देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री में काम करने के दौरान एक मजदूर गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहनदास बंजारे के रूप में हुई है। घटना के बाद फैक्ट्री के अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, हादसा नेवनारा स्थित लोहिया पेपर मिल में हुआ। काम के दौरान मोहनदास अचानक गड्ढे में गिर गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई।

फैक्ट्री के बाहर परिजनों का प्रदर्शन

शुक्रवार को मृतक के परिजनों ने फैक्ट्री के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनके साथ क्रांति सेना के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शन के चलते मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है।

50 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग

मृतक के परिजनों ने प्रबंधन के सामने 50 लाख रुपये मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग रखी है। परिजनों का कहना है कि मृतक परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहारा था, इसलिए उचित मुआवजा और रोजगार दिया जाना चाहिए।

प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर

घटना की सूचना के बाद तहसीलदार, नायब तहसीलदार और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन की मौजूदगी में प्रबंधन और परिजनों के बीच बातचीत का प्रयास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि प्रबंधन 11 लाख रुपये मुआवजा देने के लिए तैयार है, लेकिन परिजन 50 लाख रुपये की मांग पर अड़े हुए हैं। फिलहाल मुआवजे को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाई है।