July 23, 2026

बेमेतरा में ACB की बड़ी कार्रवाई, 15 हजार रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

बेमेतरा। जिले के साजा ब्लॉक मुख्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी ओंकार सुनवानी को 15 हजार रुपए नकद रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम केंद्र निवासी किसान नरोत्तम अपने जमीन संबंधी कार्य को लेकर लंबे समय से पटवारी कार्यालय के चक्कर लगा रहा था। आरोप है कि काम करने के एवज में पटवारी ने उससे रिश्वत की मांग की थी।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच 30 हजार रुपए में सौदा तय हुआ था। इसमें पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपए दिए जाने थे। किसान ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की थी।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। जैसे ही किसान ने पटवारी ओंकार सुनवानी को 15 हजार रुपए दिए, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी पटवारी से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।