बेमेतरा। जिले में दुष्कर्म पीड़िता के परिवार ने आरोपी पक्ष पर मारपीट कर केस वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। घायल अवस्था में पीड़िता के माता-पिता सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मामले में सुरक्षा तथा निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, मारो चौकी क्षेत्र के ग्राम बेवरा निवासी रोहित कुमार वर्मा अपनी पत्नी के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान रोहित के सिर पर पट्टी बंधी हुई थी और वे घायल अवस्था में नजर आए। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने उनके घर में घुसकर मारपीट की, जिससे उनके सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
पीड़िता के पिता का कहना है कि करीब एक वर्ष पूर्व उनकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। इस मामले में आरोपी फिलहाल जेल में बंद है और प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोग लगातार उन पर मामला वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी जा रही हैं और मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि संबंधित थाना में शिकायत करने के बावजूद उन्हें पर्याप्त सहायता नहीं मिली। परिवार का कहना है कि उनकी शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते उन्हें पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर गुहार लगानी पड़ी।
सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग
परिवार ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं।
फिलहाल मामले में पुलिस अधीक्षक की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।





