रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बेमेतरा जिले के दाढ़ी नगर पंचायत में हाल ही में बनी सीसी रोड के क्षतिग्रस्त होने के मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं से चर्चा कर पूरे मामले की विस्तृत और समयबद्ध जांच कराने को कहा है। उन्होंने निर्देशित किया कि सड़क का तकनीकी परीक्षण कर निर्माण सामग्री, कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था की जांच की जाए।
सीएम साय ने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या मानकों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क का जल्द पुनर्निर्माण कर आम लोगों को राहत दी जाए।
उन्होंने जिले में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी समीक्षा के निर्देश दिए हैं, ताकि ऐसी स्थिति दोबारा न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही करने वालों के खिलाफ जवाबदेही तय कर कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाएगी।





