बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। खंडसरा चौकी क्षेत्र में एक स्कूल बस ने 3 साल के मासूम बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर वाहन छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, DAV स्कूल जांता की बस बंसापुर-सेमरिया गांव के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान बस ने मासूम को रौंद दिया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
चालक-कंडक्टर की तलाश में पुलिस
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर खंडसरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, बस को मौके पर छोड़कर फरार हुए चालक और कंडक्टर की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।





