September 4, 2026

बेमेतरा में बड़ा हादसा: बच्चों से भरी स्कूल बस अनियंत्रित होकर खेत में पलटी, कई छात्र घायल

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बच्चों से भरी एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में बस में सवार कई बच्चों को चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

17 से 18 बच्चों को लेकर जा रही थी बस

जानकारी के मुताबिक ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक CG 25 A 0218 करीब 17 से 18 बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान सिंघपुर-झाल मार्ग पर खड़सरा और झाल के बीच अचानक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई।

हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ड्राइवर-कंडक्टर की मदद से बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला।

बच्चों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे में घायल बच्चों को तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी घायल बच्चों का उपचार जारी है। हादसे में किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।

स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बच्चों को ले जाने वाली बसों की फिटनेस, चालक की सावधानी और सुरक्षा मानकों की जांच की जरूरत पर भी चर्चा शुरू हो गई है।

हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।