रायपुर। राजधानी रायपुर में 28 जून को भक्ति और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। विधानसभा रोड स्थित अंबुजा मॉल के सामने ‘द वाहे बैंक्वेट्स एंड रिजॉर्ट्स’ में ‘भजन जेमिंग’ का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष संगीत सभा का उद्देश्य भक्ति, संगीत और सामुदायिक जुड़ाव के माध्यम से लोगों को एक मंच पर लाना है।
इस आयोजन में इंदौर का 12 सदस्यीय बैंड ‘कृष्ण संसार’ अपनी प्रस्तुति देगा। आयोजकों के अनुसार, तेज रफ्तार जीवनशैली के बीच यह कार्यक्रम लोगों को आध्यात्मिक शांति, सकारात्मकता और सांस्कृतिक जुड़ाव का अवसर प्रदान करेगा।
‘भजन जेमिंग’ को पारंपरिक भजन संगीत और आधुनिक प्रस्तुति शैली के मेल के रूप में तैयार किया गया है, जिससे हर आयु वर्ग के लोग भक्ति संगीत का आनंद ले सकें। कार्यक्रम में लाइव परफॉर्मेंस, सामूहिक सहभागिता और आध्यात्मिक माहौल मुख्य आकर्षण रहेंगे।
आयोजकों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना, सामाजिक एकता को मजबूत करना और परिवारों के लिए यादगार अनुभव तैयार करना भी है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को संगीत के जरिए शांति, आनंद और एकता का संदेश दिया जाएगा।





