March 4, 2026

भानुप्रतापुर–दल्ली राजहरा मार्ग पर भीषण हादसा, ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार दो युवकों की मौत

भानुप्रतापपुर। भानुप्रतापुर–दल्ली राजहरा मार्ग पर ग्राम टेकाढ़ोडा (साल्हे) के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक बाइक से भानुप्रतापपुर की ओर जा रहे थे, तभी लौह अयस्क से भरे एक ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक युवक ग्राम साल्हे के निवासी थे। ट्रक की टक्कर के बाद एक युवक ट्रक के नीचे फंस गया, जबकि दूसरा पिछले पहियों के नीचे दब गया। ट्रक दोनों युवकों को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कच्चे पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। ट्रक के नीचे फंसी बाइक और शवों को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई। हादसे के कारण लगभग एक घंटे तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा।

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था, लेकिन कुछ समय बाद उसने कच्चे पुलिस चौकी में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।