May 14, 2026

भानुप्रतापपुर | माइंस ठेकेदार के घर-दफ्तर पर GST की दबिश, 2 घंटे तक चली जांच

भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर में माइंस ठेकेदार अरविंद साहू के निवास और कार्यालय पर शुक्रवार देर रात GST विभाग की टीम ने दबिश दी। दिल्ली और रायपुर से आई संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई दो गाड़ियों के साथ की।

जानकारी के अनुसार, टीम ने बाजारपार स्थित घर और दल्ली रोड स्थित कार्यालय में एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई रात करीब 11 बजे से 1 बजे तक लगभग दो घंटे चली। इस दौरान वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच की गई।

छापेमारी के दौरान प्रिंटर समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और सामग्री जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि ठेकेदार अरविंद साहू नीको जायसवाल ग्रुप की खदानों में ठेका कार्य से जुड़े हैं।

सबसे खास बात यह रही कि पूरी कार्रवाई इतनी गोपनीय थी कि स्थानीय पुलिस को भी इसकी जानकारी नहीं दी गई थी। हालांकि अभी तक GST विभाग की ओर से जब्त सामान या दस्तावेजों को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी अरविंद साहू के रायपुर स्थित कार्यालय पर GST की टीम द्वारा छापेमारी की जा चुकी है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।