May 14, 2026

धमतरी में मामूली विवाद ने लिया खौफनाक रूप, भीड़ पर फेंका तेजाब, 5 घायल

प्रेम प्रसंग और मोबाइल विवाद से शुरू हुआ मामला

धमतरी के गणेश चौक इलाके में बीती रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसके दौरान एसिड अटैक की घटना सामने आई। इस हमले में कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक नाबालिग समेत तीन लोग तेजाब से बुरी तरह झुलस गए।

महिला के घर पहुंची भीड़, फिर बढ़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक रामपुर वार्ड की एक महिला का प्रेम प्रसंग गणेश चौक निवासी सूरज के दोस्त के साथ चल रहा था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा। बताया जा रहा है कि महिला का पति भारी भीड़ लेकर सूरज के घर पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।

आरोपी ने भीड़ पर फेंका तेजाब

मारपीट के दौरान आरोपी सूरज ने घर में रखा तेजाब भीड़ पर छिड़क दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बीच-बचाव करने पहुंचे लक्की नामक युवक करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गया, जबकि एक नाबालिग लगभग 25 प्रतिशत तक घायल हो गया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया है।

आरोपी समेत 8 लोग गिरफ्तार

घटना में आरोपी सूरज भी घायल हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

एसिड उपलब्धता पर उठे सवाल

घटना के बाद प्रतिबंधित एसिड की उपलब्धता को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी बर्तन चमकाने का काम करता था, इसी कारण उसके पास तेजाब मौजूद था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।