भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में बुधवार तड़के दर्दनाक रेल हादसा हो गया। रेलवे पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक सेवानिवृत्त शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हीरामणि साहू (80) के रूप में हुई है, जो सेवानिवृत्त शिक्षक थे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे वे रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान भानुप्रतापपुर से रायपुर की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, परिवार में हाल ही में शादी समारोह संपन्न हुआ था और घर में खुशियों का माहौल था। लेकिन इस हादसे की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
घटना की सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है और पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।





