बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले के भाटापारा क्षेत्र में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े सराफा व्यापारी से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चार बाइक सवार बदमाशों ने ग्राम रोहरा के सराफा व्यापारी बलराम सोनी को बंदूक दिखाकर रोक लिया और विरोध करने पर बंदूक की बट से सिर पर हमला कर सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
दुकान खोलने जा रहे थे व्यापारी
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बलराम सोनी अपनी दुकान खोलने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम तरेंगा के बाहर सुनसान मार्ग पर चार बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोपियों ने हथियार दिखाकर उन्हें धमकाया और विरोध करने पर बंदूक की बट से उनके सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद व्यापारी के पास मौजूद सोने-चांदी के जेवरात लूटकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच, नाकेबंदी कर तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों के संभावित फरार मार्गों की भी जांच कर रही है।
इसी मार्ग पर पहले भी हो चुकी हैं लूट की वारदातें
गौरतलब है कि जिस मार्ग पर यह वारदात हुई है, उसी रास्ते पर कुछ वर्ष पहले भी दो सराफा व्यापारियों से लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। उन मामलों में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। ऐसे में एक बार फिर उसी क्षेत्र में व्यापारी को निशाना बनाए जाने से कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना के बाद सराफा व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।





