दुर्ग। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में पूजा-पाठ से पारिवारिक समस्याएं दूर करने और शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक महिला से करीब 85 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पवन बधोरिया को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से बैंक खाते से लिंक मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान पीड़िता की मुलाकात पवन बधोरिया से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र किया, जिस पर आरोपी ने पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के जरिए समस्याएं दूर करने का दावा किया। इसके बाद उसने निजी जरूरतों, धार्मिक अनुष्ठानों और शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में करीब 85 लाख रुपये ऐंठ लिए।
पैसे वापस मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
करीब दो साल बीतने के बाद भी महिला को न तो किसी प्रकार का लाभ मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। जब पीड़िता ने अपने पैसे लौटाने की मांग की, तो आरोपी ने पहले नौकरी लगवाने का झांसा दिया और बाद में जान से मारने की धमकी देकर रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
इंदौर से गिरफ्तार हुआ आरोपी
पीड़िता की शिकायत पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान धमकी देकर अवैध वसूली के भी साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 351(3) और 308(3) के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के इंदौर में दबिश देकर आरोपी पवन बधोरिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।





