भिलाईनगर/दुर्ग/राजनांदगांव। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) प्रबंधन ने कम्पलसरी और वॉलंटरी रिटायरमेंट के विकल्पों पर अध्ययन शुरू कर दिया है। इसके लिए इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग विभाग के एक जीएम और एजीएम को राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (RINL), विशाखापट्टनम भेजा गया है। टीम यह अध्ययन करेगी कि वहां किस तरह कर्मचारियों की छंटनी की गई और किन मापदंडों पर मैनपावर कम किया गया। रिपोर्ट के आधार पर BSP में भी कर्मचारियों की संख्या घटाने की योजना बनाई जा सकती है।
सूत्रों के अनुसार, जिन कर्मचारियों का सर्विस रिकॉर्ड कमजोर रहा है, उन्हें प्राथमिकता से टारगेट किया जा सकता है। ठेका श्रमिकों की छंटनी को लेकर पहले से ही कवायद जारी है। इस फैसले को लेकर कर्मचारियों में चिंता का माहौल है।
फर्जी एमएसटी टिकट बनाने वाले 4 छात्र गिरफ्तार
दुर्ग रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग के दौरान रेलवे अधिकारियों ने डुप्लीकेट एमएसटी टिकट बनाकर यात्रा करने वाले चार छात्रों को पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी कुलदीप ने फर्जी टिकट बनाकर अपने साथियों को शेयर किया, जो आगे अन्य यात्रियों को बेचा जा रहा था। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
खुर्सीपार फाटक 2 मई तक बंद
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में मरम्मत कार्य के चलते भिलाईनगर के खुर्सीपार रेलवे फाटक को 2 मई तक बंद रखा गया है। इससे स्थानीय यातायात प्रभावित रहेगा।
अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, महिला सहित आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग जिले में पुलिस ने एक अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए एक अपचारी बालक और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुरानी रंजिश के चलते नशे में धुत व्यक्ति की पत्थर से कुचलकर हत्या की गई थी। महिला आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए खून से सने कपड़े और जूते जला दिए थे।
मुक्तिधाम में शवदाह गृह बेकार, लकड़ी पर खर्च जारी
भिलाईनगर के रामनगर मुक्तिधाम में 48 लाख रुपये की लागत से बने विद्युत शवदाह गृह का उपयोग नहीं हो रहा है। लोग अब भी लकड़ी से अंतिम संस्कार को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे हर साल निगम को 40 से 60 लाख रुपये तक का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।
प्लांटेशन घोटाले पर विभागों की चुप्पी
पाटन क्षेत्र में मनरेगा के तहत हुए कथित प्लांटेशन घोटाले में उद्यानिकी विभाग और जिला पंचायत की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जमीनी स्तर पर पौधारोपण कार्य नहीं दिख रहा है, लेकिन अब तक कोई जांच शुरू नहीं हुई है।
सुशासन तिहार के तहत शिविर 1 मई से
दुर्ग में 1 मई से 23 मई तक विभिन्न वार्डों में जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे। नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन ने अधिकारियों की ड्यूटी तय कर दी है।
कार्यालय में शराब पीने पर कर्मचारी निलंबित
राजनांदगांव में सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी को ड्यूटी के दौरान शराब सेवन करने पर कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने निलंबित कर दिया है।
छुईखदान उप कोषालय बंद, लोगों में आक्रोश
छुईखदान में उप कोषालय को खैरागढ़ में मर्ज करने के फैसले से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। अब लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए भी दूसरे शहर जाना पड़ रहा है।
पेयजल संकट गहराया, टैंकरों से आपूर्ति
राजनांदगांव शहर में करोड़ों खर्च के बावजूद पानी की समस्या बनी हुई है। कई वार्डों में अब भी टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खैरागढ़ नगर पालिका बजट हंगामे के बीच पास
खैरागढ़ नगर पालिका का बजट विपक्ष के विरोध और वॉकआउट के बीच पारित हुआ। 15.33 करोड़ की आय और 14.73 करोड़ खर्च के साथ 60 लाख अधिशेष का दावा किया गया है। विपक्ष ने बजट को “पुराने ढर्रे” का बताया, जबकि सत्तापक्ष ने इसे संतुलित और विकासोन्मुख बताया।





