July 23, 2026

भिलाई स्टील प्लांट स्क्रैप चोरी कांड के बाद बड़ा फेरबदल, CISF डीआईजी नागेंद्र नाथ त्रिपाठी का तबादला

दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में करोड़ों रुपये के स्क्रैप चोरी मामले के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। भिलाई इकाई के डीआईजी एवं 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी नागेंद्र नाथ त्रिपाठी का तबादला दिल्ली स्थित सीआईएसएफ मुख्यालय कर दिया गया है। वे पश्चिम बंगाल कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं और प्रतिनियुक्ति पर सीआईएसएफ में सेवाएं दे रहे थे।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनकी जगह झारखंड कैडर के आईपीएस अधिकारी और बोकारो के पूर्व पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार झा को सीआईएसएफ भिलाई का नया डीआईजी नियुक्त किया है। उनके जल्द ही कार्यभार संभालने की संभावना है।

गौरतलब है कि भिलाई इस्पात संयंत्र में सामने आए करोड़ों रुपये के स्क्रैप चोरी मामले की जांच के दौरान संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ सीआईएसएफ के जवानों से भी पूछताछ की गई थी। जांच एजेंसियों का मानना है कि संयंत्र परिसर के भीतर इतनी बड़ी चोरी बिना अंदरूनी मिलीभगत के संभव नहीं थी।

अब तक इस मामले में मुख्य आरोपी संजय सिंह समेत 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सीआईएसएफ ने यह प्रशासनिक बदलाव किया है।

इसी क्रम में भिलाई स्टील प्लांट में पदस्थ उप कमांडेंट निधि सिंह का भी तबादला कर उन्हें केओपीए, कोलकाता इकाई भेजा गया है। वहीं, इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र के डीआईजी एल.के. हाकिप को कोलकाता एयरपोर्ट स्थानांतरित किया गया है। उनकी जगह नागपुर एयरपोर्ट में सीनियर कमांडेंट के रूप में कार्यरत दिलीप कुमार को पदोन्नत कर इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र का नया डीआईजी नियुक्त किया गया है।