May 14, 2026

भिलाई में दुष्कर्म आरोपी पर कड़ी कार्रवाई, अवैध मकान पर चला बुलडोजर

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई में 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के पुरैना बस्ती में आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा के अवैध मकान को नगर निगम प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इस दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी की गई और घर में रखा सामान भी जब्त किया गया।

अवैध कब्जे पर कार्रवाई
पुलिस जांच में यह सामने आया कि आरोपी और उसके परिजन शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मकान बनाकर रह रहे थे। नगर निगम द्वारा पहले ही नोटिस जारी कर मकान खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नोटिस की अनदेखी की गई। इसके बाद नगर निगम और पुरानी भिलाई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को गिरा दिया।

घटना ने झकझोरा था शहर
दरअसल, 25 अप्रैल को 5 साल की बच्ची सुबह अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों की तलाश के बाद देर शाम बच्ची पुरैना स्थित एनएसपीएसीएल पावर प्लांट के पास झाड़ियों में मिली थी। आरोपी ने बच्ची के हाथ-पैर बांध दिए थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गंभीर धाराओं में केस दर्ज
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) (अपहरण) और 65(2) (दुष्कर्म) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पहले भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार किशोर चौहान उर्फ चेटा आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ मारपीट, गांजा और अवैध शराब बिक्री जैसे कई मामले पहले से दर्ज हैं और वह कई बार जेल भी जा चुका है। साथ ही आरोपी के नशे का आदी होने की भी जानकारी सामने आई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध कब्जों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।