भिलाईनगर में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा
भिलाईनगर में म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मोहननगर पुलिस ने इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि इन खातों के माध्यम से देशभर से करीब 86 लाख 33 हजार 247 रुपए की अवैध राशि ट्रांसफर की गई थी।
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन संचालित भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई की गई। थाना मोहन नगर क्षेत्र के कर्नाटक बैंक शाखा, स्टेशन रोड दुर्ग में संचालित 111 बैंक खातों का विश्लेषण किया गया, जिनका उपयोग साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया जा रहा था।
जांच के बाद पुलिस ने मधु साहू, ज्योति गौतम, फरहद खान, भूपेश गोहिल, अजय कुमार उर्फ मोनू, मसीर आलम, नवीन भागवत, भूपेंद्र कुमार टंडन, संतोष बिसाई और हीरा सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जमीन रजिस्ट्री से बढ़ा राजस्व:
दुर्ग जिले में वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में पंजीयन विभाग ने राजस्व संग्रहण में तेजी दिखाई। शासकीय अवकाश के बावजूद पंजीयन कार्यालय खुले रखे गए, जिससे 28 और 29 मार्च को कुल 280 दस्तावेजों की रजिस्ट्री हुई और लगभग 4 करोड़ 83 लाख 50 हजार 915 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। सबसे अधिक आय दुर्ग कार्यालय से हुई, जहां 118 दस्तावेजों से करीब 2.38 करोड़ रुपए की वसूली की गई।
ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश:
भिलाईनगर के खुर्सीपार क्षेत्र में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 43 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 8.65 लाख रुपए बताई जा रही है। मुख्य आरोपी पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है, जो दुर्ग-भिलाई में ड्रग्स सप्लाई कर रहा था।
भिलाई निगम लक्ष्य से पीछे:
भिलाई नगर निगम वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्धारित 111.36 करोड़ रुपए के लक्ष्य के मुकाबले 101 करोड़ रुपए ही वसूल कर पाया है। हालांकि अंतिम दिन तक वसूली 99% तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
हत्या मामले में सजा:
रानीतराई क्षेत्र में दामाद की हत्या के मामले में अदालत ने सास को आजीवन कारावास और पत्नी को 7 साल की सजा सुनाई है। यह घटना अगस्त 2024 की है, जिसमें पारिवारिक विवाद के चलते हत्या को अंजाम दिया गया था।
बजट पर हंगामा:
भिलाई तीन नगर निगम का 2026-27 का बजट हंगामे के बीच पेश किया गया। बजट में पेयजल, सड़क, सफाई और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है, लेकिन विपक्ष ने कई मुद्दों पर आपत्ति जताई।
रेल सेवाएं प्रभावित:
राजनांदगांव में ओएचई तार टूटने के कारण कई ट्रेनों का संचालन 3 से 6 घंटे तक प्रभावित रहा। इससे यात्रियों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सिलेंडर विस्फोट से हादसा:
डोंगरगढ़ के ग्राम मुंदगांव में सिलेंडर विस्फोट से एक मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इस हादसे में एक पड़ोसी गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।





