खेल मैदान का संधारण शुल्क 10 हजार से अधिक नहीं होगा : आयुक्त
भिलाईनगर। आयोजनों के लिए खेल मैदान का संधारण शुल्क 10,000 रुपए से अधिक नहीं प्रस्तावित किया जाएगा। वहीं मैदान के रखरखाव के लिए प्रतिव्यक्ति मेंटेनेंस शुल्क 250 रुपए मासिक से अधिक नहीं रखा जाएगा, ताकि आयोजन सुगमता से हो सकें और मैदान का रखरखाव भी सुनिश्चित हो सके।
यह जानकारी भिलाई नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने खिलाड़ियों और आम नागरिकों से चर्चा के दौरान दी।
आयुक्त पाण्डेय ने शांति नगर स्थित दशहरा मैदान का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से संवाद किया। उन्होंने कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा को निर्देश दिया कि मैदान उपयोग से संबंधित नियमों में संशोधन के लिए महापौर परिषद में पुनर्विचार किया जाए, ताकि किराया दरों और सुरक्षा निधि को तर्कसंगत बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि मैदान प्रबंधन को व्यवस्थित करने और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए यह पहल की गई है।
पहले खेल मैदान किराए पर देने के लिए 2 लाख रुपए सुरक्षा निधि तय की गई थी। अधिक किराया और सुरक्षा निधि के कारण स्थानीय प्रतिभाओं को मैदान उपयोग में कठिनाई हो रही थी, जिसे ध्यान में रखते हुए नियमों में संशोधन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
दुर्ग-धमधा रोड पर ट्रक की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
भिलाईनगर। धमधा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका दामाद बाल-बाल बच गया।
प्रार्थी दयाराम यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ धारा 106(1), 281 और 184 के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार नंदकुमार यादव (24) अपने ससुर नरसिंग यादव के साथ शादी व पूजा का सामान खरीदने धमधा साप्ताहिक बाजार आया था। सामान खरीदने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से वापस ग्राम सहगांव लौट रहे थे।
इसी दौरान सामने से आ रही ट्रक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में नरसिंग यादव ट्रक के पहिए के नीचे आ गए, जिससे सिर और छाती में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
मां से दुष्कर्म करने वाले बेटे को 25 वर्ष सश्रम कारावास
दुर्ग। अपनी ही मां के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को अदालत ने 25 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।
अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एफटीसी कोर्ट दुर्ग अवध किशोर ने आरोपी को 500 रुपए अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड नहीं देने पर 15 दिन अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
अभियोजन पक्ष के अनुसार आरोपी ने 23 अगस्त 2025 की रात घर में अकेले होने का फायदा उठाकर अपनी मां के कमरे में घुसकर पहले गाली-गलौज की और फिर दुष्कर्म किया। पीड़िता किसी तरह पड़ोसी के घर पहुंची और अगले दिन पति के लौटने पर नेवई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चालान पेश किया, जिसके आधार पर कोर्ट ने सजा सुनाई।
अफीम की खेती का खुलासा, सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी
भिलाईनगर। दुर्ग पुलिस ने अफीम की अवैध खेती का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत और उसके भाई बृजेश ताम्रकार के अवैध कब्जे पर बुलडोजर भी चलाया।
हालांकि अब भी यह बड़ा सवाल बना हुआ है कि अफीम की सप्लाई आखिर किसे की जा रही थी। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी विकास विश्नोई ने बताया कि उसने यूट्यूब वीडियो देखकर अफीम की खेती करना सीखा था। उसके मोबाइल में खेती से लेकर अफीम तैयार करने और बेचने तक के कई वीडियो मिले हैं।
आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने समोदा गांव में अफीम की खेती की और करीब 150 ग्राम अफीम राजस्थान अपने गांव भी ले गया था।
महिला आयोग की महा जनसुनवाई में 113 में से 41 मामलों का मौके पर निस्तारण
दुर्ग। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने दुर्ग संभाग में महा जनसुनवाई आयोजित की।
आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक और सदस्यों की उपस्थिति में कुल 113 प्रकरणों की सुनवाई की गई, जिनमें से 41 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
दुर्ग जिले के 62 मामलों में से 30, बालोद के 4 में से 1, बेमेतरा के 17 में से 4, कबीरधाम के 4 में से 1 और राजनांदगांव के 14 में से 4 मामलों का समाधान किया गया।
जनसुनवाई में कुल 155 पक्षकारों ने पंजीयन कराया था।
आकाशगंगा सब्जी मंडी को स्थानांतरित करने की मांग
भिलाईनगर। आकाशगंगा थोक सब्जी मंडी को राधिका नगर में स्थानांतरित करने की मांग को लेकर व्यापारियों ने नगर निगम आयुक्त से मुलाकात की।
मंडी अध्यक्ष रवि जोन सिंह के नेतृत्व में व्यापारियों ने कहा कि यदि एक माह के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे अनिश्चितकालीन व्यापार बंद करेंगे।
व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान मंडी 25 थोक और 300 चिल्हर विक्रेताओं के लिए बनाई गई थी, जबकि अब थोक व्यापारियों की संख्या 110 हो चुकी है, जिससे जगह कम पड़ रही है।
सीएसवीटीयू में खेल एवं एनएसएस विद्यार्थियों की परीक्षा 16 मार्च से
भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू) ने खेल एवं एनएसएस के विद्यार्थियों की परीक्षाओं की अधिसूचना जारी कर दी है।
परीक्षाएं 16 मार्च से दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में आयोजित की जाएंगी।
लिखित परीक्षाओं के बाद प्रायोगिक परीक्षाएं 2 अप्रैल से 7 अप्रैल के बीच होंगी और उनके अंक 18 अप्रैल तक विश्वविद्यालय के डिजिटल पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।
सूर्य घर योजना में लोगों की उदासीनता, सिर्फ 5% ने किया आवेदन
राजनांदगांव। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत जिले में घरेलू उपभोक्ताओं की संख्या 1.70 लाख से अधिक है, लेकिन अब तक सिर्फ 8416 लोगों ने आवेदन किया है, जो कुल उपभोक्ताओं का लगभग 5 प्रतिशत है।
जांच में सामने आया है कि सोलर कंपनियों की लापरवाही और बैंक ऋण प्रक्रिया में देरी के कारण योजना की गति धीमी है।
अब तक 8416 आवेदनों में से 3727 ने वेंडर चयन किया है और 1584 घरों में सोलर पैनल लग चुके हैं।
खैरागढ़ में 14 मार्च को नेशनल लोक अदालत
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 14 मार्च को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
इसकी तैयारियों को लेकर व्यवहार न्यायालय खैरागढ़ में बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों और बैंकों के प्रतिनिधियों ने अधिक से अधिक प्रकरणों के निस्तारण पर चर्चा की।
सोसायटियों में हजारों क्विंटल धान अब भी जाम
डोंगरगढ़। जिले में धान खरीदी समाप्त हुए डेढ़ महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन कई समितियों में अब भी हजारों क्विंटल धान का परिवहन नहीं हो पाया है।
भंडारपुर सोसाइटी में 21,314 क्विंटल, मुढ़ीपार में 34,000 क्विंटल, गातापार में 24,000 क्विंटल, पारादाह में 27,760 क्विंटल और इटार सोसाइटी में करीब 12,000 क्विंटल धान अब भी उठाव का इंतजार कर रहा है।
समिति प्रबंधकों ने चेतावनी दी है कि जल्द परिवहन नहीं हुआ तो बढ़ती गर्मी से धान की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।





