कृष्णा वाटिका रिसॉर्ट में जुए पर दबिश, 16 गिरफ्तार
भिलाईनगर। भिलाई के अमलेश्वर थाना क्षेत्र स्थित कृष्णा वाटिका रिसॉर्ट में संचालित बड़े जुआ फड़ पर पुलिस ने छापा मारकर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष, भाजपा नेता और पार्षद पति समेत 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3.59 लाख रुपये नगद, 22 मोबाइल फोन, 3 मोटरसाइकिल और 3 चारपहिया वाहन सहित 25 लाख से अधिक की सामग्री जब्त की गई है।
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि 1 मार्च को सूचना मिली थी कि रिसॉर्ट में ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद थाना अमलेश्वर पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
चेक बाउंस मामले में 4 माह की सजा
दुर्ग। दुर्ग की अदालत ने चेक अनादरित होने के मामले में आरोपी सुरेश कुमार पिल्लई को धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम के तहत चार माह के सश्रम कारावास और 6 लाख रुपये प्रतिकर राशि अदा करने का आदेश दिया है। मामला उधारी के 5 लाख रुपये के भुगतान से जुड़ा था।
होली पर 4 मार्च को शुष्क दिवस घोषित
दुर्ग। कलेक्टर अभिजीत सिंह के आदेशानुसार 4 मार्च को होली पर्व के अवसर पर जिले में शुष्क दिवस घोषित किया गया है। जिले की सभी देशी-विदेशी मदिरा दुकानें, बार, होटल-बार और क्लब बंद रहेंगे। आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अब खटालों और मंदिरों से होगा पृथक संग्रहण
दुर्ग। महापौर अलका बाघमार ने शहर में स्वच्छता अभियान के तहत खटालों/डेयरियों से निकलने वाले गोबर तथा मंदिरों से फूल-पुजन सामग्री के पृथक संग्रहण के लिए विशेष वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नगर निगम द्वारा शुरू की गई इस पहल से नालियों और जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने में मदद मिलेगी।
13 से 19 मार्च तक स्वदेशी मेला
भिलाईनगर। भिलाई में पहली बार स्वदेशी मेला 13 से 19 मार्च तक जयंती स्टेडियम के पास सिविक सेंटर मैदान में आयोजित किया जाएगा। मेले में 22 राज्यों के स्वदेशी उत्पाद, हस्तशिल्प, जैविक वस्तुएं और पारंपरिक व्यंजन आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजन स्वदेशी जागरण फाउंडेशन की इकाई भारतीय विपणन विकास केंद्र द्वारा किया जा रहा है।
पीएम आवास योजना: 6 मार्च को लॉटरी
भिलाईनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित आवासों के आवंटन के लिए 6 मार्च को निगम सभागार में दोपहर 12:30 बजे लॉटरी आयोजित की जाएगी। पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार 10 प्रतिशत अंशदान और 75 हजार रुपये बेदखली व्यवस्थापन शुल्क जमा करना होगा।
अवैध शराब कारोबार में 7 गिरफ्तार
भिलाईनगर। दुर्ग पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब बिक्री में लिप्त 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 188 पौवा देशी शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 17 हजार रुपये बताई गई है। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
गंडई नगर पंचायत में तालाबंदी
गंडई-पंडरिया। नगर पंचायत गंडई के सीएमओ को अतिरिक्त प्रभार दिए जाने के विरोध में कांग्रेस पदाधिकारियों और पार्षदों ने कार्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पूर्णकालिक अधिकारी की नियुक्ति नहीं होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।





