May 18, 2026

Bhilai-Durg News Update: अफीम डोडा मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, दुर्ग निगम का 580 करोड़ का बजट आज

भिलाईनगर। दुर्ग जिले में निलंबित भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत में मिले अफीम पौधों के मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इस मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं दुर्ग नगर निगम में मंगलवार को महापौर अलका बाघमार अपने कार्यकाल का दूसरा बजट पेश करेंगी।

अफीम डोडा मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार अवैध अफीम खेती से जुड़े मामले में आरोपी विकास बिश्नोई से पूछताछ के बाद अहम जानकारी मिली थी। इसी आधार पर पुलिस टीम ने बेमेतरा-सिमगा रोड स्थित ग्राम कठिया में श्रीरामदेव होटल और राजस्थानी हाइवे ढाबा में छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान राजस्थान निवासी रणछोड़ राम उर्फ रणजीत (50) के ढाबे से 304 ग्राम अफीम डोडा (चुक्की), 1.29 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल जब्त किया गया। वहीं दूसरे आरोपी सुनील देवासी (28) के पास से अफीम डोडा को चुक्की बनाने में उपयोग होने वाली मिक्सी और मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

दुर्ग निगम का 580 करोड़ का बजट पेश होगा
दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार मंगलवार को अपने कार्यकाल का दूसरा बजट पेश करेंगी। आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निगम की आय 580 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक और व्यय करीब 580 करोड़ रुपये अनुमानित है। बजट में करीब 5.20 लाख रुपये का लाभ दर्शाया गया है।

ब्रह्मभट्ट ब्राह्मण समाज का युवक-युवती परिचय सम्मेलन अप्रैल में
भिलाई के स्मृति नगर में आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ ब्रह्मभट्ट ब्राह्मण समाज ने अप्रैल माह में रायपुर में युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है। बैठक में समाज के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

सेवानिवृत्त कर्मचारी को एनपीएस राशि का भुगतान नहीं
दुर्ग नगर निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारी अनिल मनहरे ने आरोप लगाया है कि उनके वेतन से काटी गई एनपीएस राशि का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। वे पिछले दो वर्षों से भुगतान के लिए विभाग के चक्कर लगा रहे हैं।

कर वसूली के लिए निगम सख्त, बकायादारों के नाम होंगे सार्वजनिक
नगर निगम प्रशासन ने संपत्तिकर और अन्य करों की वसूली के लिए सख्ती बढ़ाने की तैयारी की है। प्रत्येक जोन के 10 बड़े बकायादारों की सूची सार्वजनिक की जाएगी। इसके बाद भी कर जमा नहीं करने पर कुर्की और संपत्ति सीलबंदी जैसी कार्रवाई की जाएगी। निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने नागरिकों से 31 मार्च से पहले बकाया कर जमा करने की अपील की है।

भक्त माता कर्मा जयंती 22 मार्च को
भिलाई में साहू मित्र सभा की बैठक में निर्णय लिया गया कि भक्त माता कर्मा जयंती 22 मार्च को मनाई जाएगी। इसके अलावा 29 मार्च को सरगुजा संभाग में भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

बी. फार्मेसी और एम. फार्मेसी छात्रों के लिए परीक्षा फार्म
छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय ने बी. फार्मेसी और एम. फार्मेसी प्रथम सेमेस्टर के छात्रों के लिए ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बिना विलंब शुल्क के फार्म भरने की अंतिम तिथि 17 मार्च निर्धारित की गई है।