September 4, 2026

Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update: भिलाई श्रमिक सभा HMS यूनियन के चुनाव में एचएस मिश्रा अध्यक्ष, डीके सिंह महासचिव निर्वाचित

भिलाईनगर। भिलाई श्रमिक सभा एचएमएस यूनियन के आम चुनाव में सर्वसम्मति से एचएस मिश्रा को अध्यक्ष और डीके सिंह को महासचिव निर्वाचित किया गया। चुनाव के दौरान सहायक श्रमायुक्त दुर्ग पायल शर्मा निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए मौजूद रहीं।

आमसभा में अध्यक्ष पद के लिए डीके सिंह ने एचएस मिश्रा का नाम प्रस्तावित किया, जिसका हरिराम यादव और टीकाराम साहू ने समर्थन किया। सदन में मौजूद सदस्यों ने हाथ उठाकर प्रस्ताव का समर्थन किया। अन्य कोई नाम सामने नहीं आने पर चुनाव अधिकारी ने एचएस मिश्रा को अध्यक्ष घोषित किया।

इसके बाद जेके गहिने ने महासचिव पद के लिए डीके सिंह का नाम प्रस्तावित किया। धनीराम सोनवानी और राजेश शर्मा ने इसका समर्थन किया। सर्वसम्मति से डीके सिंह को महासचिव निर्वाचित घोषित किया गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष एचएस मिश्रा ने प्रदेश में ठेका श्रमिकों की स्थिति पर चर्चा करते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र में यूनियन को और मजबूत करने का आह्वान किया। महासचिव डीके सिंह ने कहा कि यूनियन को मजबूत करने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे।

शिक्षक भर्ती 2026 में विज्ञान, जीव विज्ञान और रसायन के पद जोड़ने की मांग

भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती 2026 को लेकर अभ्यर्थियों ने सरकार से विषयवार रिक्त पदों को भर्ती में शामिल करने की मांग की है। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती में विज्ञान शिक्षक, जीव विज्ञान व्याख्याता और रसायन व्याख्याता के पर्याप्त पद शामिल नहीं किए गए हैं।

अभ्यर्थियों ने प्रेसवार्ता में मांग की कि विभागीय स्तर पर रिक्त पदों का दोबारा परीक्षण कर जरूरत के अनुसार पदों की संख्या बढ़ाई जाए और संशोधित भर्ती विज्ञापन जारी किया जाए।

अभ्यर्थियों ने CTET आवेदन प्रक्रिया में भी संशोधन की मांग की है। उनका कहना है कि CTET परीक्षा 6 सितंबर 2026 को प्रस्तावित है और कई बीएड अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे। वर्तमान ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में CTET रोल नंबर को अनिवार्य रिकॉर्ड के रूप में शामिल किए जाने से आगामी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के सामने परेशानी खड़ी हो रही है।

दुर्ग में कृषि केंद्र पर कार्रवाई, 825 बोरी उर्वरक राजसात

दुर्ग। जिले में अनियमितता पाए जाने पर एक कृषि केंद्र से 825 बोरी उर्वरक राजसात किया गया है। साथ ही संबंधित कृषि केंद्र का लाइसेंस भी निरस्त कर दिया गया है।

खरीफ सीजन को देखते हुए कृषि विभाग की जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम लगातार उर्वरक दुकानों की जांच कर रही है। इसी दौरान 13 और 16 जून को मेसर्स विद्या कृषि केंद्र बोरी का निरीक्षण किया गया।

जांच में उर्वरकों के स्टॉक और POS मशीन के रिकॉर्ड में अंतर, कैश एवं क्रेडिट मेमो जारी नहीं करना, बिना लाइसेंस दर्ज उर्वरक का भंडारण, जांच में सहयोग नहीं करना और कार्रवाई में बाधा डालने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।

जांच के बाद 514 बोरी रासायनिक खाद, 311 बोरी जैविक खाद और 1.8 किलोग्राम जैव उत्प्रेरक जब्त कर राजसात किया गया। संबंधित प्रतिष्ठान का उर्वरक लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।

सेल्फ ड्राइव कार दुर्घटना के बाद 2 लाख की मांग, युवकों से मारपीट; दो गिरफ्तार

दुर्ग। सेल्फ ड्राइव वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद 2 लाख रुपये की मांग कर युवकों को जबरन ले जाकर मारपीट करने के मामले में पद्मनाभपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार लग्जरी वाहन भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार 7 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई गई थी। एक माह पहले शिकायतकर्ता के वयस्क बेटे और उसके साथियों ने सेल्फ ड्राइव के लिए स्कोडा रैपिड कार किराए पर ली थी, जो दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।

आरोप है कि 6 अगस्त को ऋषि बघेल और प्रियांशु मंडल SUV 500 से पहुंचे और बोरसी सोसायटी चौक के पास युवकों को जबरन वाहन में बैठाकर अंजोरा स्थित एक मार्ट के सामने ले गए। वहां स्कोडा रैपिड की मरम्मत के हर्जाने के रूप में 2 लाख रुपये की मांग करते हुए मारपीट की गई।

पुलिस ने ऋषि बघेल उर्फ राज और प्रियांशु मंडल को 11 अगस्त को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से डिजायर, ओडी, स्कोडा रैपिड और XUV 500 समेत करीब 25 लाख रुपये कीमत के वाहन जब्त किए गए हैं

भिलाई निगम में 4 कर्मचारियों का तबादला, एक उप अभियंता की पदस्थापना

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई में प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आयुक्त ने चार कर्मचारियों का स्थानांतरण किया है। साथ ही एक उप अभियंता की नई पदस्थापना की गई है।

सहायक अधीक्षक रीता चतुर्वेदी को जोन-4 से खाद्य और जनगणना विभाग में पदस्थ किया गया है। सहायक ग्रेड-2 विकास बेलकर को अपर आयुक्त कक्ष के वर्तमान कार्यों के साथ प्रथम अपीलीय लिपिकीय कार्य सौंपा गया है।

सहायक राजस्व निरीक्षक निशांत मानिक को प्रथम अपीलीय कक्ष से परियोजना विभाग और पंप सहायक रोहित कुमार बंजारे को परियोजना विभाग से जोन-4 लोककर्म विभाग में पदस्थ किया गया है।

वहीं उप अभियंता पुष्कर चंद्राकर ने निगम भिलाई में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्हें जोन कार्यालय-1 नेहरू नगर में पदस्थ किया गया है।

ऑटो सवार से 2,500 रुपये छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाईनगर। ऑटो सवार व्यक्ति की जेब से 2,500 रुपये छीनकर फरार होने वाले दो आरोपियों को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 9 अगस्त को उमाशंकर प्रसाद श्रीवास्तव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह पावर हाउस से सामान खरीदकर ऑटो से कैलाश नगर जामुल स्थित घर जा रहे थे। महाराणा प्रताप बरदाना दुकान के पास ऑटो चालक ने वाहन रोक दिया। इसके बाद चालक और उसके साथी ने उनकी जेब से 2,500 रुपये छीन लिए और फरार हो गए।

पुलिस ने मामले में सुलेन्दर सिंह उर्फ मोना और आरिफ खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने वारदात करना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

बारिश के मौसम में रेत महंगी, भिलाई में 100 घनमीटर अवैध रेत जब्त

दुर्ग। बारिश का मौसम शुरू होने के साथ रेत की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच अवैध भंडारण की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। खनिज विभाग ने भिलाई क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 100 क्यूबिक मीटर अवैध रेत जब्त की है।

खनिज विभाग की टीम ने भगवा चौक, कोहका कुरुद में श्रेया ट्रेडर्स के यहां जांच की, जहां अवैध रूप से रेत का भंडारण पाया गया। मामले में संबंधित व्यक्ति पर 49 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

विभाग के अनुसार एक महीने पहले तक हाईवा रेत करीब 11 हजार रुपये में मिल रही थी, जो अब बढ़कर करीब 14 हजार रुपये हो गई है। वहीं प्लास्टर वाली रेत की कीमत भी 15-16 हजार से बढ़कर करीब 20-21 हजार रुपये प्रति हाईवा हो गई है।

पुलगांव चौक पर अवैध रूप से ईंट परिवहन करते एक वाहन को भी जब्त किया गया। मामले में खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 26 हजार रुपये अर्थदंड लगाया गया।

जल संकट और जलभराव से निपटने भिलाई में शुरू होगी ‘जल रक्षा भिलाई’ पहल

भिलाईनगर। शहर में जल संकट और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर पालिक निगम भिलाई ने IIT भिलाई और केंद्रीय भूजल बोर्ड के सहयोग से ‘जल रक्षा भिलाई’ नामक एकीकृत जल संरक्षण एवं प्रबंधन पहल शुरू करने का निर्णय लिया है।

इस पहल के तहत वैज्ञानिक जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण, शहरी जल निकासी, जलभराव की रोकथाम और जल गुणवत्ता सुधार पर काम किया जाएगा।

परियोजना में GIS तकनीक से जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान, सीवेज और जलापूर्ति लाइनों का अध्ययन, भूजल मानचित्रण, अधिकतम पुनर्भरण वाले क्षेत्रों में संरचनाओं का निर्माण, रूफटॉप रेनवॉटर हार्वेस्टिंग और जल प्रदूषण वाले क्षेत्रों का वैज्ञानिक उपचार शामिल है।

सभी प्रस्तावित संरचनाओं को 2027-28 के मानसून से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

9 साल बाद चेक बाउंस मामले में आरोपी को सजा, 3 माह का सश्रम कारावास

दुर्ग। बैंक ऋण की किस्त चुकाने के लिए दिया गया चेक अपर्याप्त राशि के कारण बाउंस होने के करीब नौ साल बाद अदालत ने आरोपी को सजा सुनाई है।

न्यायिक मजिस्ट्रेट दुर्ग आकांक्षा राठौर की अदालत ने पुरुषोत्तम बंसोड़ को धारा 138 के तहत 3 माह के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। साथ ही धारा 357(3) के तहत 50 हजार रुपये प्रतिकर राशि तीन माह के भीतर जमा करने का आदेश दिया गया है। राशि जमा नहीं करने पर अतिरिक्त 3 माह के सश्रम कारावास की सजा भुगतनी होगी।

अभियुक्त ने 11 सितंबर 2015 को 1.90 लाख रुपये का लोन लिया था। ऋण की किस्त के भुगतान के लिए उसने 43 हजार रुपये का चेक दिया था, लेकिन बैंक खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चेक अनादरित हो गया। नोटिस के बावजूद राशि का भुगतान नहीं किया गया।

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना अब 24 घंटे पुलिस तक पहुंचा सकेंगे नागरिक

खैरागढ़। छुईखदान-गंडई पुलिस ने संदिग्ध एवं अवैध रूप से निवासरत व्यक्तियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1800-233-1905 जारी की है। यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी और सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के भारत में अवैध प्रवेश या बिना वैध दस्तावेजों के निवास करने का वास्तविक संदेह हो तो इसकी सूचना हेल्पलाइन के माध्यम से दी जा सकती है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति की भाषा, पहनावे, क्षेत्र या समुदाय के आधार पर उसके बारे में निष्कर्ष नहीं निकाला जाना चाहिए। केवल तथ्यात्मक जानकारी और वास्तविक संदिग्ध गतिविधियों की सूचना ही पुलिस को दें। प्राप्त सूचनाओं का नियमानुसार सत्यापन किया जाएगा।

छुईखदान में उद्घाटन के एक साल बाद भी शुरू नहीं हुआ ब्लड बैंक

छुईखदान। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा छुईखदान में ब्लड बैंक भवन के उद्घाटन के करीब एक साल बाद भी इसका संचालन शुरू नहीं हो पाया है। करीब 30 लाख रुपये की लागत से तैयार भवन अब भी उपयोग का इंतजार कर रहा है।

13 अगस्त 2025 को मुख्यमंत्री के खैरागढ़ प्रवास के दौरान ब्लड बैंक की मांग को लेकर पहल हुई थी। इसके बाद भवन तैयार कर उसका उद्घाटन भी किया गया, लेकिन अब तक ब्लड बैंक की सुविधा शुरू नहीं हो सकी है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ब्लड बैंक संचालन के लिए आवश्यक लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। कुछ जरूरी उपकरणों की उपलब्धता भी बाकी बताई जा रही है।

ब्लड बैंक शुरू नहीं होने से गंभीर मरीजों के परिजनों को रक्त की व्यवस्था के लिए राजनांदगांव, दुर्ग-भिलाई और रायपुर तक जाना पड़ रहा है। दुर्घटना, प्रसव, ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों के मामलों में समय पर रक्त उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती बन जाता है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब भवन तैयार हो चुका है तो लाइसेंस और उपकरणों की प्रक्रिया जल्द पूरी कर ब्लड बैंक का संचालन शुरू किया जाना चाहिए, ताकि छुईखदान और आसपास के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर सुविधा मिल सके।