March 3, 2026

भिलाई में मूक-बधिर समुदाय हेतु वित्तीय साक्षरता एवं व्यवसाय विकास सेमिनार का सफल आयोजन

भिलाई। आईसीएआई भवन, सिविक सेंटर, भिलाई में “वित्तीय साक्षरता एवं व्यवसाय विकास” विषय पर एक सफल सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ डेफ एसोसिएशन द्वारा किया गया, जबकि मेजबानी भिलाई–दुर्ग वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ द डेफ (BDWAD) ने की।

सेमिनार में लगभग 160–170 मूक-बधिर प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रतिभागी छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र से भी पहुंचे।

वित्तीय सशक्तिकरण पर जोर

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मूक-बधिर समुदाय में वित्तीय साक्षरता बढ़ाना, उद्यमिता को प्रोत्साहित करना और आर्थिक सशक्तिकरण को मजबूत करना था। सेमिनार में बैंकिंग प्रणाली, शासकीय योजनाएं, बचत एवं बजट प्रबंधन, म्यूचुअल फंड व निवेश, बीमा सुरक्षा, ऋण प्रबंधन तथा सतत व्यवसाय विकास जैसे विषयों पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया।

विशेष वित्तीय वक्ता राहुल गाला, संस्थापक – गाला फाइनेंशियल सर्विसेज ने प्रतिभागियों को सरल और प्रभावी तरीके से महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

प्रतिभागियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। आयोजकों ने भविष्य में भी मूक-बधिर समुदाय के विकास और सशक्तिकरण के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम की जानकारी अनुसार जारी की गई।