दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने भिलाई में अवैध रूप से संचालित जुए के फड़ पर बड़ी कार्रवाई की है। छावनी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34 कैंप स्थित एक मकान में दबिश देकर पुलिस ने 12 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 16 हजार रुपये नकद, करीब 2 लाख रुपये कीमत के 12 मोबाइल फोन और ताश की पत्तियां जब्त की गई हैं।
मकान में चल रहा था जुए का फड़
पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 34 कैंप के एक मकान में अवैध रूप से जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मकान में 12 लोग जुआ खेलते हुए मिले।
पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। मौके से जुए में इस्तेमाल होने वाली ताश की पत्तियां और अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
3.16 लाख रुपये कैश और 12 मोबाइल जब्त

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 3,16,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा करीब 2 लाख रुपये कीमत के 12 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत छावनी थाना में अपराध दर्ज किया है।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान महेंद्र कुमार सोनकर, कलीम खान, जी शिवा शंकर राव, आशीष ताम्रकार, श्रीधर्मांझी, प्रेम प्रेमचंद, ऐन धन राजू, भगवत प्रसाद, सपन चंद्र डे, राजेंद्र कुमार कौशिक, दिनेश साओ और बलजिन्दर सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।





