May 18, 2026

गैस एजेंसी में बाउंसरों का हंगामा, ग्राहक से मारपीट का VIDEO आया सामने

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में गैस किल्लत के बीच एजेंसियों में अव्यवस्था बढ़ती नजर आ रही है। खुर्सीपार स्थित शताक्षी गैस एजेंसी में बाउंसरों और ग्राहक के बीच मारपीट का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार गैस सिलेंडर लेने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग लाइन में खड़े थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एजेंसी संचालकों ने बाउंसर तैनात किए थे। इसी दौरान लाइन में खड़े एक युवक और बाउंसर के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बाउंसरों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि इस दौरान अन्य ग्राहकों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही खुर्सीपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की, हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गैस एजेंसी की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यहां अक्सर अव्यवस्था रहती है और ग्राहकों के साथ सही व्यवहार नहीं किया जाता। उन्होंने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि मारपीट में शामिल तीन बाउंसरों की पहचान हरिओम चौधरी (23 वर्ष), विकास सिंह (27 वर्ष) और विक्की विश्वकर्मा (30 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।