रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गर्व का पल है। भिलाई की प्रतिभावान नेटबॉल खिलाड़ी सोनम शर्मा का चयन आगामी 14वीं एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय नेटबॉल टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 8 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक हांगकांग में आयोजित की जाएगी।
भारतीय टीम के लिए पिछले एक महीने से चल रहे राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के बाद मंगलवार को आधिकारिक रूप से टीम की घोषणा की गई। इसमें सोनम शर्मा ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर अंतिम टीम में जगह बनाई है।
पहले भी देश का कर चुकी हैं प्रतिनिधित्व
सोनम शर्मा का खेल सफर पहले से ही उपलब्धियों से भरा रहा है। वह इससे पहले एशियन सीनियर नेटबॉल चैंपियनशिप और एशियन जूनियर नेटबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के चलते उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।
नेटबॉल संघ ने दी बधाई
सोनम शर्मा की इस उपलब्धि पर नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने खुशी जताई है। संघ की अध्यक्ष मीना केरकेट्टा, महासचिव राजेश राठौर समेत अन्य पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने सोनम को शुभकामनाएं दीं।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सोनम की सफलता से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिलेगी। अब कई खिलाड़ी उन्हें अपना रोल मॉडल मानते हुए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मेहनत करने को तैयार हैं।
प्रदेश में तैयार होगी नेटबॉल की नई प्रतिभाएं
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के महासचिव राजेश राठौर ने कहा कि सोनम शर्मा की यह उपलब्धि प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। आने वाले समय में जांजगीर-चांपा समेत छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों में नेटबॉल की मजबूत प्रतिभा तैयार करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली खिलाड़ियों की उपलब्धियों से प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी।





