July 23, 2026

Bhilai Accident: तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को मारी टक्कर, BSP के ठेका कर्मी की मौत, दो गंभीर घायल

दुर्ग। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के एक ठेका कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक श्याम राव भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत थे। सोमवार रात वह मरोदा स्थित अपनी ससुराल से दो अन्य लोगों के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर खुर्शीपार स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सेंट्रल एवेन्यू के पास पीछे से तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि श्याम राव हाईवा के नीचे फंस गए और करीब 50 फीट तक घिसटते चले गए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, श्याम राव रात की ड्यूटी पर जाने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।